रॉबर्ट्सगंज में बनेगा आधुनिक वेंडर जोन, सड़क किनारे वेंडिंग की समस्या होगी दूर
रॉबर्ट्सगंज में बनेगा आधुनिक वेंडर जोन, सड़क किनारे वेंडिंग की समस्या होगी दूर
8:55 PM, Aug 7, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 7 अगस्त 2026। रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में सड़क किनारे लगने वाले ठेले, पटरी दुकानों और अन्य स्ट्रीट वेंडरों की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत ओवरब्रिज के नीचे आधुनिक वेंडर जोन विकसित करने के लिए 89.59 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद स्ट्रीट वेंडरों को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने की सुविधा मिलेगी। इससे उनकी आजीविका को स्थायित्व मिलेगा, वहीं शहर में यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में भी उल्लेखनीय सुधार होगापरियोजना का क्रियान्वयन एनसीएल मुख्यालय के सीएसआर विभाग और जिला प्रशासन, सोनभद्र के बीच एमओयू के माध्यम से किया जाएगा। एनसीएल ने राजाराम यादव (उप प्रबंधक, सीडी) को परियोजना प्रबंधक नामित किया है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धनराशि चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी तथा कार्य की निगरानी उपयोगिता प्रमाण-पत्र, पूर्णता प्रमाण-पत्र और जियो-टैग्ड फोटोग्राफ के आधार पर की जाएगी।इस परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन के अनुसार यह पहल न केवल स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक और सुरक्षित रोजगार का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि रॉबर्ट्सगंज को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और यातायात के लिहाज से बेहतर शहर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सोनभद्र के संतुलित एवं समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें






