मोबाइल गिरवी रखकर लिए थे रुपये, युवक का शव पेड़ से लटका मिला,पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
मोबाइल गिरवी रखकर लिए थे रुपये, युवक का शव पेड़ से लटका मिला,पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
10:49 AM, Jun 6, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

बीजपुर (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के नेमना गांव निवासी एक युवक का शव शनिवार सुबह चेतवां जंगल में सड़क किनारे चिलबिल के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नेमना निवासी प्रवेश कुमार (21) पुत्र गुलाब चंद शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घर से फॉर्म भरने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
शनिवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे एक राहगीर ने परिजनों को सूचना दी कि चेतवां जंगल में सड़क किनारे एक युवक का शव चिलबिल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रवेश कुमार के रूप में की।
मृतक के भाई सर्वेश कुमार ने थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले प्रवेश ने चेतवां स्थित एक जनसेवा केंद्र पर अपना मोबाइल गिरवी रखकर करीब 4500 रुपये लिए थे।
यह भी पढ़ें
पुलिस ने मामले में जनसेवा केंद्र संचालक को पूछताछ के लिए बुलाया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक को दिए गए रुपये किस खाते में भेजे गए थे और लेन-देन की पूरी प्रक्रिया क्या थी।
विज्ञापन
बताया गया कि प्रवेश कुमार जरहां स्थित महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
इस संबंध में उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल्स तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।






