मुसही में स्कूल की सड़क उखाड़ने के मामले में एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं
सोनभद्र। मुसही गांव में प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली सार्वजनिक सड़क को कथित तौर पर दबंगों द्वारा जेसीबी लगाकर उखाड़े जाने के मामले में एक महीने बाद भी कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को चुर्क गांव में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री के सामने यह मामला उठाते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए
7:35 PM, Nov 19, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

जनचौपाल में प्रभारी मंत्री के सामने उठा मुद्दाएसडीएम ने त्योहारों में व्यस्तता का दिया हवाला, तहसील दिवस में भी पहुंची शिकायत; बच्चों को ऊबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरने की मजबूरी
सोनभद्र। मुसही गांव में प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली सार्वजनिक सड़क को कथित तौर पर दबंगों द्वारा जेसीबी लगाकर उखाड़े जाने के मामले में एक महीने बाद भी कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को चुर्क गांव में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री के सामने यह मामला उठाते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री को बताया कि करीब एक महीने पहले दिनदहाड़े जेसीबी लगाकर मुसही प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली सड़क को उखाड़ दिया गया था। इतना ही नहीं, स्कूल के आसपास स्थित कई घरों के सामने गहरे गड्ढे भी खोद दिए गए, जिससे लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों की ओर से कई बार अधिकारियों से शिकायत कर सड़क दुरुस्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।मामले पर प्रभारी मंत्री ने जब एसडीएम से जवाब मांगा तो उन्होंने विभिन्न त्योहारों के चलते व्यस्तता का हवाला दिया। इस पर प्रशासनिक कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक निधि से बनी सार्वजनिक सड़क को इस तरह उखाड़ दिया गया और प्रशासन अब तक जांच के नाम पर मामले को टाल रहा है।बताया जाता है कि उक्त सड़क पर घोरावल विधायक की निधि से इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया था। इसके बावजूद सड़क को जेसीबी से उखाड़ दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क खोदने वालों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क उखाड़ने के जिम्मेदार लोगों से ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का खर्च वसूल कर सड़क को पहले की तरह दुरुस्त कराया जाए।तहसील दिवस में भी पहुंची शिकायतइस मामले में दशरथ सोनकर और प्रह्लाद गुप्ता ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद पूरे प्रकरण की जांच एसडीएम द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ऊबड़-खाबड़ रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर बच्चेसड़क उखाड़े जाने के कारण स्कूली बच्चों को आज भी ऊबड़-खाबड़ रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। वहीं आसपास रहने वाले परिवारों को भी अपने घरों तक आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर सार्वजनिक और जनहित से जुड़ी सड़क को किस वजह से उखाड़ा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं?अब देखना यह है कि प्रभारी मंत्री के सामने मामला उठने और तहसील दिवस में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन की जांच कितनी तेजी से पूरी होती है और सड़क उखाड़ने के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कब तक कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़ें






