स्कूल बस पलटने से मचा हड़कंप, सभी बच्चे सुरक्षित
स्कूल बस पलटने से मचा हड़कंप, सभी बच्चे सुरक्षित
2:35 PM, Jul 22, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एमवीएम स्कूल की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। यह हादसा नई बाजार-देवरी गांव के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ। बस में 28 से 30 छात्र सवार थे।हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चों को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर रूट डायवर्जन होने के कारण स्कूल बस वैकल्पिक ग्रामीण मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।बस चालक बचऊ ने बताया कि सामने अचानक एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बस का पहिया सड़क किनारे गीली मिट्टी और गड्ढे में उतर गया, जिससे बस पलट गई। चालक ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए और अपने बच्चों को घर ले गए। बस में कहरोल और रामगढ़ क्षेत्र के छात्र सवार थे।घटना के बाद अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने स्कूल बसों के सुरक्षित संचालन, वैकल्पिक मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने और प्रशासन से ऐसे मार्गों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें






