होमवीडियो LIVE
BREAKING
विज्ञापन

आकाशीय विद्युत और भारी वर्षा की संभावना, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की

आकाशीय विद्युत और भारी वर्षा की संभावना, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की

8:56 PM, Aug 4, 2026

Share:

Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

आकाशीय विद्युत और भारी वर्षा की संभावना, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की
हमसे जुड़ने के लिए फॉलो करें:
Instagram
सोन प्रभात लाइव न्यूज़ डेस्क



मेघगर्जन व वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह, ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील
सोनभद्र। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद सोनभद्र में मेघगर्जन के साथ आकाशीय विद्युत (वज्रपात) तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय विद्युत की घटनाएं अचानक हो सकती हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। खराब मौसम, तेज गर्जना अथवा बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले स्थानों, खेतों, पहाड़ियों, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों तथा नदी, तालाब, झरनों एवं अन्य जलाशयों के आसपास जाने से बचना चाहिए।
उन्होंने अपील की कि मौसम खराब होने पर तत्काल किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें।
‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भारत सरकार द्वारा विकसित ‘सचेत (SACHET)’ तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के ‘दामिनी (Damini)’ मोबाइल ऐप अपने फोन में डाउनलोड करने की अपील की है।
‘सचेत’ ऐप के माध्यम से मौसम, भारी वर्षा, वज्रपात, बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित आधिकारिक चेतावनियां समय पर प्राप्त होती हैं। इससे लोगों को समय रहते आवश्यक सावधानी बरतने में मदद मिलती है।
वहीं, ‘दामिनी’ ऐप विशेष रूप से आकाशीय विद्युत यानी वज्रपात की पूर्व चेतावनी प्रदान करता है। यदि ऐप पर वज्रपात का अलर्ट प्राप्त हो तो उसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत खुले स्थान को छोड़कर सुरक्षित पक्के भवन के भीतर चले जाएं। पेड़ों, बिजली के खंभों, ऊंचे स्थानों एवं जल स्रोतों से दूरी बनाए रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। मौसम विभाग की समय पर प्राप्त चेतावनी का पालन कर जन-धन की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।”
उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, राजस्व कर्मियों, ग्राम सचिवों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी संगठनों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम नंबर 1077 अथवा 05444-297645 पर सूचना दें। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — आपकी सावधानी ही आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा है।”

सम्बंधित खबर

शहरी खबरें

और पढ़ें

Breaking से पहले Believing —
Son Prabhat News, since 2019

Follow Us:

Instagram

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreSonprabhat Live

© Copyright Sonprabhat 2026. All rights reserved.

Developed by SpriteEra IT Solutions