अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ 23 जून को होगा जनआंदोलन, नगर पंचायत अध्यक्ष ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ 23 जून को होगा जनआंदोलन, नगर पंचायत अध्यक्ष ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
8:53 PM, Jun 11, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

प्रदूषण, स्थानीय युवाओं को रोजगार और मलिन बस्ती को लेकर उठाई तीन प्रमुख मांगेंडाला (सोनभद्र)। नगर पंचायत डाला बाजार की अध्यक्ष फूलवंती कुमारी ने अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन पर जनहित की अनदेखी और मनमाने रवैये का आरोप लगाते हुए आगामी 23 जून 2026 को प्रस्तावित जनआंदोलन की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रदूषण नियंत्रण, स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा मलिन बस्ती के संरक्षण सहित तीन प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि डाला नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग लंबे समय से फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण और दुर्गंध की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार फैक्ट्री प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों को इस संबंध में सुझाव और शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में बाहर से लाए जा रहे कचरे और अपशिष्ट पदार्थों के निस्तारण के दौरान निकलने वाली दुर्गंध से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। जहरीली हवा के कारण बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस समस्या का स्थायी समाधान करते हुए दुर्गंध और प्रदूषण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्थानीय बेरोजगार युवाओं की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद डाला बाजार और आसपास के गांवों के योग्य युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। उन्होंने प्रबंधन से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।ज्ञापन में तीसरी प्रमुख मांग नगर क्षेत्र की मलिन बस्ती से जुड़ी है। अध्यक्ष ने कहा कि मलिन बस्ती में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद परिवार वर्षों से वहां निवास कर रहे हैं। उन्हें किसी भी परिस्थिति में विस्थापित नहीं किया जाना चाहिए और उनकी वर्तमान स्थिति को यथावत रखा जाए।फूलवंती कुमारी ने जिलाधिकारी से जनहित में तीनों मांगों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा 23 जून को प्रस्तावित जनआंदोलन के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय जनता के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। जनआंदोलन में बड़ी संख्या में नगरवासी और क्षेत्रीय लोग शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें






