मूर्ता पुलिया के नीचे युवक का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
मूर्ता पुलिया के नीचे युवक का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
7:46 PM, Jun 9, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Babu lal sharma

दुद्धी/सोनभद्र। दुद्धी थाना क्षेत्र के लिलासी-गुलाल झारिया मार्ग स्थित मूर्ता पुलिया के नीचे मंगलवार को एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पर गहरे घाव के निशान पाए जाने के बाद पुलिस धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। प्रारंभिक जांच में वारदात घटनास्थल पर ही अंजाम दिए जाने के संकेत मिले हैं।जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से खून से सना एक पत्थर, एक चाकू तथा शराब की बोतल बरामद की गई। वहीं पुलिया के ऊपर सड़क किनारे एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।मौके पर मिले खून के निशान और अन्य साक्ष्य इस ओर इशारा कर रहे हैं कि युवक की हत्या उसी स्थान पर की गई है। घटना की सूचना पर म्योरपुर थाना प्रभारी रविकांत मिश्र एवं लिलासी चौकी प्रभारी मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।पुलिस ने मृतक की पहचान समा सिंह (25 वर्ष) पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम महुअरिया, थाना दुद्धी के रूप में की है। म्योरपुर थाना प्रभारी रविकांत मिश्र ने बताया कि घटनास्थल दुद्धी थाना क्षेत्र में आता है, जिसके चलते दुद्धी पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। दुद्धी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने, घटनास्थल से बरामद मोटरसाइकिल की जांच करने तथा संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें






