भाई की मौत का सदमा नहीं सह पाईं बहन, कुछ घंटों के अंतराल में दोनों ने तोड़ा दम
भाई की मौत का सदमा नहीं सह पाईं बहन, कुछ घंटों के अंतराल में दोनों ने तोड़ा दम
7:42 AM, Jun 10, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घोरावल (सोनभद्र)। नगर पंचायत घोरावल के वार्ड नंबर छह स्थित हनुमान मंदिर कॉलोनी में सोमवार की शाम एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। छह वर्षों से बीमारी से जूझ रहे सुरेश अग्रहरि (48) के निधन के कुछ ही घंटों बाद उनकी बड़ी बहन कुंती देवी (60) की भी मौत हो गई। भाई-बहन की एक ही दिन हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।परिजनों के अनुसार सुरेश अग्रहरि वर्ष 2020 में कोविड काल के दौरान हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह अपनी बाइक से एक परिजन के साथ जा रहे थे, तभी दीवा गांव के पास एक ट्रैक्टर की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में गंभीर चोटें आने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। दुर्घटना के बाद से उनकी तबीयत लगातार खराब रहती थी और लंबे समय से वह बिस्तर पर थे।बड़े भाई प्रकाश चंद्र अग्रहरि ने बताया कि परिवार लगातार उनका इलाज करा रहा था, लेकिन सोमवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। सुरेश के निधन की सूचना मिलते ही उनकी बड़ी बहन कुंती देवी, जो मिर्जापुर जनपद के हलिया क्षेत्र में रहती थीं और स्वयं भी अस्वस्थ होकर अस्पताल में भर्ती थीं, गहरे सदमे में चली गईं। बताया जाता है कि भाई की मौत का दुख वह सहन नहीं कर सकीं और कुछ ही घंटों बाद उनका भी निधन हो गया।एक ही दिन भाई-बहन की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों की आंखें नम हैं। क्षेत्र में इस घटना की चर्चा है और लोग इसे भाई-बहन के अटूट स्नेह का उदाहरण बता रहे हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें






