पिता की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार, विण्ढमगंज पुलिस ने 8 घंटे में किया खुलासा
पिता की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार, विण्ढमगंज पुलिस ने 8 घंटे में किया खुलासा
8:29 PM, Jun 23, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घरेलू विवाद में डंडे से किया था हमला, आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल बरामद
सोनभद्र। थाना विण्ढमगंज पुलिस ने सदोष मानव वध के एक सनसनीखेज मामले का महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 की रात ग्राम पकरी निवासी श्रीनाथ (52) और उनके पुत्र सोनू के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर सोनू ने आवेश में आकर डंडे से अपने पिता के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना विण्ढमगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल सुरागरसी, तकनीकी साक्ष्य संकलन एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
जांच के दौरान 22 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी सोनू को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर पहुंचा था। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि घरेलू विवाद के दौरान उसने गुस्से में आकर अपने पिता पर डंडे से हमला कर दिया था।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू (25 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्रीनाथ, निवासी ग्राम पकरी, थाना विण्ढमगंज, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, कांस्टेबल तरुण वर्मा, कांस्टेबल आलोक कुमार तथा कांस्टेबल फिरोज अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






