Sonbhadra : चुर्क से धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति की मांग, पूर्व विधायक के नेतृत्व में एसपी को सौंपा पत्र.
चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा चलाने वाले चालकों ने धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति दिए जाने की मांग उठाई
1:19 PM, Nov 12, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Sanjay Singh

Photo : Sonprabhat News
सोनभद्र। चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा चलाने वाले चालकों ने धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति दिए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
ई-रिक्शा चालक करीम खान ने बताया कि वे चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इनमें कई शिक्षित बेरोजगार भी हैं, जिन्होंने बैंक से ऋण लेकर ई-रिक्शा खरीदा है। इसी व्यवसाय से होने वाली आमदनी से वे परिवार का खर्च चलाने के साथ बैंक की किस्तें भी जमा करते हैं।उन्होंने बताया कि पहले ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक जाते थे और कभी-कभी शाहगंज व घोरावल तक भी रिजर्व सवारी लेकर जाते थे। लेकिन अब ट्रैफिक पुलिस द्वारा मंडी गेट, राबर्ट्सगंज से आगे जाने पर रोक लगाई जा रही है। आरोप है कि सवारी छोड़ने के लिए धर्मशाला चौराहे तक जाने पर ई-रिक्शा सीज कर कोतवाली में खड़ा करा दिया जाता है। इससे चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

विज्ञापन
वहीं, ई-रिक्शा चालक विजय पांडेय ने आरोप लगाया कि धर्मशाला चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर छोटी-बड़ी तमाम गाड़ियों का आवागमन होता है, लेकिन ई-रिक्शा चालकों को ही रोका जा रहा है। उनका कहना है कि इसी मार्ग से निजी बसें भी आती-जाती हैं और सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियों को उतारती व बैठाती हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके बावजूद बसों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने से ई-रिक्शा चालकों में असंतोष है।इस मौके पर पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि सरकार न तो युवाओं को रोजगार दे पा रही है और न ही उन्हें स्वरोजगार करने दे रही है। गरीब व्यक्ति अपनी जमा-पूंजी बेचकर या बैंक से कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदता है, ताकि परिवार का भरण-पोषण कर सके। यदि उसे वाहन चलाने की अनुमति नहीं मिलेगी तो वह बैंक की किस्त कैसे चुकाएगा और परिवार का खर्च कैसे चलाएगा?
यह भी पढ़ें

विज्ञापन
उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक से वार्ता हुई है। एसपी ने समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। ई-रिक्शा चालकों ने जनहित और रोजगार को ध्यान में रखते हुए चुर्क से धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति दिए जाने की मांग की है।






