राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में इंडक्शन प्रोग्राम का सफल समापन
सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य, व्यक्तित्व निर्माण और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम का 25 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
4:20 PM, Aug 25, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य, व्यक्तित्व निर्माण और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम का 25 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ अनुशासन, रचनात्मकता, स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।इंडक्शन प्रोग्राम के शुभारंभ से लेकर समापन तक महाविद्यालय के माननीय निदेशक की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए इंजीनियरिंग शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नवाचार और रचनात्मक सोच को विद्यार्थी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का अधिकतम लाभ उठाकर ज्ञान एवं प्रतिभा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं प्रेरणा के लिए विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए। डॉ. प्रदीप कुमार, KNIT सुल्तानपुर ने इंजीनियरिंग शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।इसी क्रम में डॉ. ए.सी. पांडेय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने व्यक्तित्व विकास, उच्च शिक्षा, तार्किक चिंतन और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके व्याख्यान से विद्यार्थियों में अपने लक्ष्यों के प्रति गंभीरता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पोस्टर निर्माण, चित्रकला, रचनात्मक लेखन, मॉडल निर्माण, समूह प्रस्तुतियों सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता, अभिव्यक्ति और टीमवर्क की क्षमता का प्रदर्शन किया।इंडक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत 10 दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का संचालन पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षित योग शिक्षक श्री योगी संकट मोचन द्वारा किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन,प्राणायाम एवं ध्यान का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ दैनिक जीवन में योग की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।श्री योगी संकट मोचन ने विद्यार्थियों को नियमित योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर के साथ मानसिक एकाग्रता, तनाव नियंत्रण, आत्मअनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।समापन एवं वैलिडिक्टरी कार्यक्रम में महाविद्यालय के माननीय निदेशक ने प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने इंजीनियरिंग जीवन की सकारात्मक, अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इंडक्शन प्रोग्राम का उद्देश्य केवल नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित, स्वस्थ, रचनात्मक और संवेदनशील इंजीनियर के रूप में विकसित करने की मजबूत आधारभूमि तैयार करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण का संचार हुआ।
यह भी पढ़ें






