तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार, खड़े टैंकर में पीछे से घुसी कार, ससुर-बहू की दर्दनाक मौत चार घायल; एक की हालत गंभीर
तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार, खड़े टैंकर में पीछे से घुसी कार, ससुर-बहू की दर्दनाक मौत चार घायल; एक की हालत गंभीर
9:05 PM, Jun 11, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

बभनी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के पोखरा गांव के समीप बभनी-छत्तीसगढ़ मार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में ससुर और बहू की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब रायपुर जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार बलिया जनपद के सिकंदरपुर निवासी एक परिवार अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद छत्तीसगढ़ के रायपुर लौट रहा था। गुरुवार सुबह जब उनकी कार बभनी थाना क्षेत्र के पोखरा गांव के पास पहुंची, तभी वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में 70 वर्षीय यतेन्द्र सिंह पुत्र धर्मदेव सिंह, उनकी पत्नी मालती सिंह (65), पुत्र पवन सिंह (35), बहू रूचि सिंह (33), पंकज सिंह (32) तथा चार वर्षीय रिमझिम घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रूचि सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल यतेन्द्र सिंह और पवन सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान यतेन्द्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है, जबकि पवन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने के कारण कार के खड़े टैंकर से टकराने की आशंका जताई जा रही है
यह भी पढ़ें






