राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ प्रेरणादायी रहा एनसीसी शिविर का चौथा दिन
राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ प्रेरणादायी रहा एनसीसी शिविर का चौथा दिन
2:52 PM, Jul 19, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

चुर्क (सोनभद्र)। 101 एनसीसी बटालियन, मिर्जापुर द्वारा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, चुर्क में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-320) के चौथे दिन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सैन्य कौशल के विकास पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर में मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जनपदों के लगभग 600 जूनियर एवं सीनियर डिवीजन/विंग के कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।दैनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कैडेटों को ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, मैप रीडिंग, दूरी का आकलन, फील्ड क्राफ्ट सहित विभिन्न सैन्य विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेटों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाते हुए उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।शिविर के चौथे दिन का मुख्य आकर्षण भारतीय सेना के वीरता पदक कीर्ति चक्र से सम्मानित कर्नल पुष्पिंदर चौहान का प्रेरक व्याख्यान रहा। उन्होंने अपने सैन्य जीवन के अनुभवों और विभिन्न आतंकवाद-रोधी अभियानों से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए विषम परिस्थितियों में नेतृत्व, साहस, कर्तव्यनिष्ठा, त्वरित निर्णय क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के महत्व को रेखांकित किया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
कर्नल चौहान ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया। उनके प्रेरणादायी संबोधन ने कैडेटों में देश सेवा के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।शिविर के दौरान अधिकारियों एवं प्रशिक्षण स्टाफ ने भी कैडेटों को एनसीसी के उद्देश्यों से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर उन्हें सशक्त नागरिक एवं राष्ट्र निर्माण का सक्रिय भागीदार बनाने का कार्य करती है।कैडेटों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे शिविर का चौथा दिन प्रेरणा, सीख और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।






