कांवड़ यात्रा की तैयारियों में कोई कमी न रहे, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम
कांवड़ यात्रा की तैयारियों में कोई कमी न रहे, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम
5:32 PM, Jul 22, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

:30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली यात्रा की तैयारियों की डीएम-एसपी ने की समीक्षा, सभी विभागों को समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश
30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु विजयगढ़ किले के समीप स्थित राम सरोवर से पवित्र जल लेकर शिवद्वार मंदिर तक पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर पेयजल, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले सभी संपर्क मार्गों की मरम्मत एवं पैचवर्क युद्धस्तर पर पूरा कराने तथा सड़क पर किसी भी प्रकार के गड्ढे या अवरोध न रहने के निर्देश दिए।उन्होंने विद्युत विभाग को ढीले तारों की तत्काल मरम्मत कराने और यात्रा मार्ग की सभी स्ट्रीट लाइटें पूरी अवधि तक चालू रखने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका, नगर पंचायत एवं पंचायत राज विभाग को विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण, पेयजल, अस्थायी शौचालय, टेंट, विश्राम स्थल एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।डीएम ने कांवड़ यात्रा की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, जहां प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी सूचना या समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, पूर्व सत्यापन कराने तथा डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था और निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिवद्वार मंदिर के पुजारी, धर्मगुरु, व्यापारी प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






