भामाशाह जयंती पर 10 सर्वाधिक करदाताओं का सम्मान, ईमानदार करदाता बताए गए विकास की आधारशिला
भामाशाह जयंती पर 10 सर्वाधिक करदाताओं का सम्मान, ईमानदार करदाता बताए गए विकास की आधारशिला
8:01 PM, Jun 29, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और दानवीरता को किया गया नमन, जनप्रतिनिधियों ने आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
सोनभद्र, 29 जून। वीर शिरोमणि दानवीर भामाशाह की जयंती सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनपद के सर्वाधिक कर (टैक्स) जमा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ईमानदार करदाताओं की भूमिका को राष्ट्र और जनपद के विकास की मजबूत आधारशिला बताते हुए भामाशाह के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय अपना सर्वस्व राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित कर अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विज्ञापन
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि भामाशाह का जीवन सेवा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित का प्रतीक है। उन्होंने सम्मानित करदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले नागरिकों के योगदान से ही विकास परियोजनाओं को गति मिलती है और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन संभव हो पाता है।
यह भी पढ़ें
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने भामाशाह के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने पारंपरिक करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अंत में सभी सम्मानित करदाताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
विज्ञापन
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, संयुक्त आयुक्त राज्य कर सुनील कुमार, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर रितेश मिश्र, उपायुक्त राज्य कर योगेश द्विवेदी, उपायुक्त राज्य कर विकास कृष्ण बंसरा, मो. जुनैद सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।






