दर्दनाक सड़क हादसा: हाईवा के टायर में हवा भरते समय रिम छटकने से मिस्त्री की मौत
डाला (सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस चौकी डाला क्षेत्र के अंतर्गत डाला चढ़ाई स्थित बंद खनिज बैरियर के पास शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में टायर पंचर मिस्त्री की मौत हो गई। हाईवा के टायर में हवा भरने के दौरान अचानक टायर का रिम छटककर मिस्त्री के ऊपर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
5:30 AM, Sep 19, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

डाला (सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस चौकी डाला क्षेत्र के अंतर्गत डाला चढ़ाई स्थित बंद खनिज बैरियर के पास शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में टायर पंचर मिस्त्री की मौत हो गई। हाईवा के टायर में हवा भरने के दौरान अचानक टायर का रिम छटककर मिस्त्री के ऊपर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:50 बजे डाला चढ़ाई स्थित बंद खनिज बैरियर के समीप संचालित एक टायर पंचर की दुकान पर एक हाईवा चालक अपने वाहन का नया टायर लगवा रहा था। इसी दौरान दुकान पर कार्यरत आरिफ (23 वर्ष) पुत्र असलम, निवासी डाला चढ़ाई टायर में हवा भरने का कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि टायर को दुकान के बाहर जमीन पर रखकर उसमें हवा भरी जा रही थी। तभी अचानक तेज दबाव के कारण टायर का रिम छटक गया और सीधे आरिफ के शरीर से जा टकराया।हादसा इतना भीषण था कि रिम लगने से आरिफ के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और अन्य चालकों की मदद से घायल आरिफ को तत्काल ऑटो के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।युवा मिस्त्री की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरिफ मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना की सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें






