समान कार्य–समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर एनएचएम कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, धरना जारी
सोनभद्र: समान कार्य–समान वेतन, नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार एवं शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा
9:06 PM, Oct 8, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 8 अक्टूबर 2026। समान कार्य–समान वेतन, नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार एवं शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। प्रदेश अध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह के आह्वान पर जिले के एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के साथ-साथ अपने-अपने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य कार्यों का बहिष्कार किया।संगठन के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कर्मचारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिलाधिकारी के माध्यम से पूर्व में प्रेषित किया जा चुका है। इसके बावजूद मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय या सकारात्मक आश्वासन नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारी पिछले तीन दिनों से काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध कर रहे थे। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि शासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में पहल करेगा, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।जिला अध्यक्ष ने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारी करीब दो दशकों से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना स्वास्थ्य सेवाओं और आम जनता की सेवा में योगदान दिया। इसके बावजूद उन्हें नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।संगठन के अनुसार 8, 9 और 10 अक्टूबर 2026 को जनपद मुख्यालय एवं निर्धारित कार्यस्थलों पर आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर कार्य बहिष्कार और शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनीएनएचएम कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि शासन की ओर से समान कार्य–समान वेतन, नियमितीकरण सहित अन्य प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 12 अक्टूबर 2026 से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने प्रदेश सरकार से मांग की कि एनएचएम संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, जिससे कर्मचारियों को उनका उचित अधिकार मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिकों में व्याप्त असंतोष दूर हो।धरना प्रदर्शन में ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, मनोज कुमार, स्वाति पटेल, नितेश साहू, प्रशांत दूबे, डॉ. अभिषेक पाण्डेय, कामेश्वर राय, आशीष चौबे, डॉ. हिमांशु यादव, पवन सोनकर, डॉ. जेपी आजाद, डॉ. देवब्रत, डॉ. राजेश गुप्ता, संध्या मिश्रा, सुशील यादव, पंकज कुशवाहा, आलोक कुमार, प्रतापभान, डॉ. बुबाई, संदीप कुमार, पंकज, विकास गोस्वामी, इंद्रेश पाण्डेय, सतीश सोनकर, विमल सिंह, अभिमन्यु दूबे, राकेश कन्नौजिया, राहुल कन्नौजिया, रविकांत, सतीश तिवारी, ओम प्रकाश भारती, खुशबू सहित एनएचएम के सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें






