Sonbhadra murder: रिश्तों के जाल में फंसाकर प्रेमिका ने पति व भांजे के साथ प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, मिर्जापुर में फेंका शव

सोनभद्र :घोरावल से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां रिश्तों के जाल में फंसाकर एक प्रॉपर्टी डीलर की बेरहमी से हत्या कर दी गई।आरोप है कि महिला मित्र ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने मृतक की ही कार का इस्तेमाल किया और मिर्जापुर के सिरसी डैम के पास खाई में फेंक दिया।ड्राइवर को धमकाकर चुप रहने को कहा गया, लेकिन उसी के जरिए पूरे मामले का खुलासा हुआ।पुलिस ने मामला दर्ज कर शव बरामद कर लिया है और अब हत्या के पीछे की साजिश की परतें खुल रही हैं।

– घटना घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ उर्फ नौगढ़वा गांव की है, जहां चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर कुंवर मौर्य की हत्या कर दी गई।बताया जा रहा है कि कुंवर मौर्य का घोरावल क्षेत्र के इसी गांव में रहने वाली महिला लीलावती के घर आना-जाना था और अक्सर वह वहां रुकते भी थे।22 मार्च की शाम वह अपने ड्राइवर रोहित रमन के साथ गांव पहुंचे और खाना खाने के बाद कमरे में चले गए, जबकि चालक गाड़ी में ही सो गया।

रात करीब पौने एक बजे महिला लीलावती ने ड्राइवर को जगाकर बताया कि उसके मालिक की हत्या कर दी गई है।इसके बाद महिला, उसका पति साहबलाल और भांजा चंद्रशेखर उर्फ मखंचू ने मिलकर जबरन गाड़ी की डिक्की खुलवाई और कुंवर मौर्य का शव उसमें रख दिया।आरोपियों ने ड्राइवर को धमकाते हुए मिर्जापुर के सिरसी डैम तक ले गए, जहां शव को पत्थर से बांधकर पुलिया के पास गहरी खाई में फेंक दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ड्राइवर को जान से मारने की धमकी देते हुए पीडीडीयूनगर तक छोड़ दिया और किसी को कुछ भी बताने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।डरे-सहमे चालक ने बाद में मृतक के परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और शव की तलाश शुरू हुई।

मृतक के बड़े भाई घासी मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने महिला लीलावती, उसके पति और भांजे के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस ने मिर्जापुर के सिरसी डैम के पास से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल हत्या की वजह और वारदात के तरीके को लेकर पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On