सोनभद्र जिला युवा कांग्रेस ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बग्घानाला के पास स्थित क्रशर प्लांट में 76 वर्षीय खनन व्यवसायी श्री विष्णु हरि उपाध्याय की निर्मम हत्या की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है। यह घटना 7 फरवरी 2026 की रात की है, जब अज्ञात अपराधियों ने कार्यालय में सो रहे बुजुर्ग व्यवसायी के सिर पर पत्थर से वार कर उनकी हत्या कर दी।
घटना का संक्षिप्त विवरण:प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने वारदात से पहले क्रशर प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त किए तथा कार्यालय से लगभग ₹60,000 नकद, एक प्रिंटर और मॉनिटर लूट ले गए। सुबह जब मजदूर मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ शव देख इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पोस्टमॉर्टम के उपरांत परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में लूट अथवा खनन से जुड़ी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनभद्र जिला युवा कांग्रेस के महासचिव मृदुल मिश्रा ने कहा,“यह जघन्य हत्या प्रदेश में पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था का जीता-जागता प्रमाण है। भाजपा सरकार में व्यापारी, बुजुर्ग और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। युवा कांग्रेस मांग करती है कि इस मामले में तत्काल अपराधियों की गिरफ्तारी की जाए, एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन हो तथा जिले में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हम पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।”
सोनभद्र जिला युवा कांग्रेस प्रशासन से अपील करती है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
Mukesh (aka Shaktipal) is a journalist with 10 years of experience in Sonbhadra, known for his ground-level reporting and strong focus on local public issues.

















