Sonbhadra News : गौ तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, दो शातिर तस्कर घायल होकर गिरफ्तार.

  • मुठभेड़ में एक मुख्य आरक्षी भी घायल, 9 गौवंश व अवैध हथियार बरामद

Sonbhadra News : संवाददाता – संजय सिंह | सोनभद्र

सोनभद्र जनपद में गौ-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बुधवार को पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर गौ तस्कर पैर में गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि एक मुख्य आरक्षी भी तस्करों की टक्कर से घायल हो गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

दिनांक 22 जनवरी 2026 को थाना घोरावल, करमा व शाहगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ गौ तस्कर बिना नंबर प्लेट की पिकअप से गौवंशों को मध्य प्रदेश बॉर्डर (थाना घोरावल क्षेत्र) से बिहार वध के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही तीनों थानों की संयुक्त पुलिस टीमों का गठन कर खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहा के पास घेराबंदी की गई।

भागने के प्रयास में पुलिस पर चढ़ाया वाहन, फायरिंग शुरू

खुद को घिरता देख तस्करों ने पिकअप वाहन से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने जान से मारने की नीयत से एक मुख्य आरक्षी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही दबोच लिए गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान –

  1. सिद्धनाथ खरवार पुत्र सुमेर सिंह, निवासी ग्राम अमहरा, थाना अधौरा, जिला कैमूर (बिहार), उम्र लगभग 29 वर्ष (वाहन चालक)

  2. ओमप्रकाश यादव पुत्र रामजनम यादव, निवासी चैनपुर, भभुआ, जिला कैमूर (बिहार), उम्र लगभग 30 वर्ष (वाहन मालिक)

भारी मात्रा में बरामदगी

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से –

  • 01 पिकअप वाहन (बिना नंबर प्लेट)

  • 09 राशि गौवंश (जिसमें 01 मृत अवस्था में)

  • 02 अवैध तमंचा (.315 बोर)

  • 02 जिंदा कारतूस (.315 बोर)

  • 02 खोखा कारतूस (.315 बोर)
    बरामद किए हैं।

घायलों का उपचार जारी

घायल अभियुक्तों एवं घायल मुख्य आरक्षी राजीव कुमार को पुलिस अभिरक्षा में सीएचसी घोरावल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे कैमूर, बिहार के रहने वाले हैं और उनका एक संगठित गिरोह लंबे समय से गौ तस्करी में संलिप्त है। उन्होंने बताया कि वे मध्य प्रदेश बॉर्डर से गौवंश लादकर नौगढ़ के रास्ते बिहार ले जाते थे, जहां से इन्हें आगे पश्चिम बंगाल वध के लिए भेजा जाता था। इससे पहले भी कई बार इसी तरीके से तस्करी की जा चुकी है।

मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना घोरावल में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On