June 4, 2025 11:52 AM

Menu

Sonbhadra News: डाला गोलीकांड की बरसी पर शहीद श्रमिकों को दी गई श्रद्धांजलि, गूंजे इंकलाब जिंदाबाद के नारे

Sonbhadra News | संवाददाता – अनिल कुमार अग्रहरि, सोन प्रभात

डाला, सोनभद्र | 2 जून 1991 का वह काला दिन जिसे डाला वासी आज भी भूल नहीं पाए हैं। इसी दिन राज्य सीमेंट निगम की डाला सीमेंट फैक्ट्री को निजीकरण से बचाने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे श्रमिकों पर गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें नौ निर्दोष मजदूर शहीद हो गए थे।

आज, घटना की 34वीं बरसी पर डाला नगर स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीदों को नमन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह दुर्गा सप्तशती पाठ और शांति पाठ के साथ हुई। दिनभर नगर में शरबत वितरण का कार्यक्रम चलता रहा।



दोपहर 3:20 बजे वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर दो मिनट का सांकेतिक चक्का जाम कर शहीदों की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शहीद श्रमिकों के परिजन शहीद स्थल पहुंचे और पुष्प अर्पित कर अपने प्रियजनों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

स्मारक पर “डाला तेरा यह बलिदान, याद करेगा हिंदुस्तान”, “इंकलाब जिंदाबाद”, “मजदूर एकता जिंदाबाद” और “आवाज़ दो हम एक हैं” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।



इस मौके पर डाला नगर पंचायत की अध्यक्षा फुलवंती गोड़ समेत कांग्रेस, सपा, भाजपा, बसपा और अन्य दलों के प्रतिनिधियों ने भी शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र नीरव ने किया, जिन्होंने 1991 की घटना की हृदयविदारक दास्तान को मार्मिकता से साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे राज्य सीमेंट निगम की फैक्ट्री को घाटे में दिखाकर निजी हाथों में सौंपने की साजिश रची गई थी और उस साजिश के खिलाफ आवाज उठाने वाले निहत्थे श्रमिकों को गोलियों से भून दिया गया था।



नौ श्रमिकों की शहादत के बाद सीमेंट फैक्ट्री के ताले हमेशा के लिए बंद हो गए, लेकिन उसके साथ ही न जाने कितने घरों के चूल्हे बुझ गए, बच्चों की पढ़ाई छूट गई और हजारों सपने अधूरे रह गए।

आज भी उस बलिदान की पीड़ा डाला के लोगों की आंखों में देखी जा सकती है। शहीद मजदूरों के परिजन अब भी न्यायालय से न्याय की आस लगाए हुए हैं।



कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग:
शहीदों के परिजन – ओम प्रकाश तिवारी, सपना, विजय, सत्यप्रकाश
स्थानीय नागरिक – संतोष सिंह बबलू, अंशु पटेल, मुकेश जैन, अवनीश पांडेय, अहमद, संदीप पटेल, विनोद यादव, उत्तम मिश्रा, नागेश मणि पाठक, मंगला प्रसाद जायसवाल, पारसनाथ यादव, गायत्री तिवारी, सोनू सिंह, धीरेन्द्र सिंह पटेल, राजेश पटेल


राजनीतिक/सामाजिक प्रतिनिधि – लोजपा प्रदेश महासचिव प्रतिभा सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, बृजेश तिवारी, नागेंद्र पासवान, अवधेश चौहान, जुम्मन, अविनाश शुक्ला



कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों द्वारा शहीद स्थल पर मौन श्रद्धांजलि देकर किया गया।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On