April 12, 2025 6:45 AM

Menu

Sonbhadra News : डाला में आदिवासी किसानों का विरोध प्रदर्शन, बिजली टावर खेतों से न ले जाने की मांग

Sonbhadra News | Sonprabhat | Anil Kumar Agrahari

डाला (सोनभद्र) : स्थानीय नगर क्षेत्र डाला के धौठा टोला में शुक्रवार को दर्जनों आदिवासी किसानों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। आदिवासियों का यह विरोध सलईबनवा में निर्माणाधीन एसीसी सीमेंट प्लांट (अडानी ग्रुप) के लिए प्रस्तावित हाईटेंशन लाइन और बिजली टावर को लेकर है, जो उनकी पुश्तैनी खेती योग्य जमीन से होकर गुजरने वाला है।

खेतों से टावर गुजरने पर जताई नाराजगी

प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि बिजली टावर और हाईटेंशन तारों को उनकी कृषि भूमि से ले जाने का प्रस्ताव उन्हें स्वीकार नहीं है। यह भूमि न केवल उनकी जीविका का साधन है, बल्कि पीढ़ियों से उनका खेती पर आधारित जीवन-यापन है। यदि खेतों में टावर लगते हैं, तो न तो खेती संभव रहेगी और न ही सुरक्षा की गारंटी।

सपा नेता सुनील सिंह गोंड़ ने किया समर्थन

प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे सपा नेता सुनील सिंह गोंड़ ने कहा कि यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और पूरी तरह से कृषि पर निर्भर है। विद्युतिकरण के नाम पर यहां के किसानों की जमीन से टावर और तार गुजारना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि टावर की दिशा पहाड़ी क्षेत्र की ओर बदली जाए जिससे खेती और मानव जीवन दोनों सुरक्षित रह सकें।

जनसुविधाओं से भी वंचित है धौठा टोला

सुनील सिंह गोंड़ ने यह भी उठाया कि धौठा टोला न तो कोटा ग्राम पंचायत में आता है और न ही नगर पंचायत डाला में शामिल है। इस कारण यहां के निवासी जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि इस क्षेत्र को किसी पंचायत में शामिल कर लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जाएं।

ग्रामीणों ने दी वैकल्पिक मार्ग की सलाह

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण हरि गोविंद, त्रिभुवन, विश्वनाथ गोंड़, जय बहादुर आदि ने बताया कि अगर बिजली टावर पहाड़ी क्षेत्र से होकर जाए तो भविष्य में जान-माल की हानि से बचा जा सकता है। खेतों और घरों के पास टावर लगने से करंट उतरने का भय हमेशा बना रहेगा।

राज्य मंत्री से की शिकायत, मिला आश्वासन

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड़ के समक्ष भी रखा है, जहां से उन्हें उचित समाधान का आश्वासन मिला है।

प्रदर्शन में ये लोग रहे शामिल

प्रदर्शन में नगर पंचायत डाला बाजार की अध्यक्ष फुलंवती कुमारी, सपा नेता पारस यादव, उमेश मेहता, हरिश्चंद्र गोंड़, शिव बहादुर, सोहन, मोहन, गुदनी देवी, रामा देवी, विद्यावती, प्रभावती, कौशल्या, सीता, रेखा, वंदना, रेनू, मानवती, उर्मिला, राजकुमारी, फुलवंती, विजय कुमारी देवी, प्रेम चंद्र सिंह सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On