- सोनभद्र के इतिहास, संस्कृति और समाज को समर्पित ऐतिहासिक कृति का होगा सार्वजनिक विमोचन। Sonbhadra News
संपादकीय लेख : आशीष गुप्ता | सोन प्रभात न्यूज़
सोनभद्र जनपद के इतिहास, संस्कृति और सामाजिक विरासत को शोधपरक दृष्टि से समेटे हुए प्रतिष्ठित अन्वेषी साहित्यकार डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ‘संजय’ की बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘सोनभद्र का इतिहास’ का भव्य लोकार्पण समारोह 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को आयोजित किया जाएगा। यह समारोह रॉबर्ट्सगंज स्थित होटल डी.आर. ड्रीम्स लग्ज़री बैंक्वेट में दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह आयोजन श्री रघुनाथ मंदिर, देवगढ़ तीर्थक्षेत्र न्यास के प्रधान संरक्षक डॉ. सरजीत सिंह ढंग द्वारा प्रेषित निमंत्रण-पत्र के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। समारोह में सोनभद्र सहित प्रदेश व देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, इतिहासकारों, विद्वानों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

विद्वत समाज की विशिष्ट उपस्थिति
लोकार्पण समारोह में जिन प्रमुख साहित्यिक व सांस्कृतिक विभूतियों की उपस्थिति प्रस्तावित है, उनमें महंत डॉ. योगानंद गिरि जी महाराज, अवधूत कर्मवीर राम, रमाशंकर पांडेय ‘विकल’, अजय शेखर, डॉ. शंभूनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’, पारसनाथ मिश्र, रामनाथ ‘शिवेंद्र’, नरेंद्र नीरव, डॉ. रचना तिवारी, ईश्वर विरागी, कमलेश ‘राजहंस’, अशोक ललित ‘महेंद्रू’, डॉ. हीरालाल पांडेय, ब्रजदेव पांडेय, डॉ. अनुज प्रताप सिंह, डॉ. अर्जुन दास केसरी, गणेश ‘गंभीर’, जगदीश ‘पंथी’, राजेंद्र त्रिपाठी ‘लल्लू तिवारी’, ओम प्रकाश त्रिपाठी, डॉ. लखन राम ‘जंगली’ एवं हरिदर्शन सांख्य प्रमुख हैं।
समारोह की अध्यक्षता व अतिथिगण
समारोह की अध्यक्षता पद्मश्री अभिराज राजेंद्र मिश्र करेंगे।

मुख्य अतिथि के रूप में श्री अरुण कुमार उपाध्याय उपस्थित रहेंगे।
अति विशिष्ट अतिथि होंगे श्री योगेश्वर राम मिश्र (आई.ए.एस.)।
इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथि के रूप में
श्याम नारायण ‘विनीत सिंह’ (सदस्य विधान परिषद)
भूपेश चौबे (विधायक)
डॉ. अनिल कुमार सिंह (विधायक)
श्रीमती रूबी प्रसाद (अध्यक्ष, नगरपालिका परिषद, रॉबर्ट्सगंज)
श्री बद्रीनाथ सिंह, आई.ए.एस. (जिलाधिकारी, सोनभद्र)
श्री अभिषेक वर्मा, आई.पी.एस. (पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र)
की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
पुस्तक का महत्व और संपादन
गौरतलब है कि ‘सोनभद्र का इतिहास’ का संपादन स्वयं जिलाधिकारी सोनभद्र श्री बद्रीनाथ सिंह, आई.ए.एस. द्वारा किया गया है, जो इस कृति को प्रशासनिक–ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत प्रामाणिक बनाता है। यह पुस्तक सोनभद्र के प्राचीन इतिहास, सामाजिक संरचना, सांस्कृतिक परंपराओं, जनजातीय जीवन, साहित्यिक विरासत और ऐतिहासिक घटनाक्रमों को शोध एवं प्रमाणों के साथ प्रस्तुत करती है। माना जा रहा है कि यह ग्रंथ आने वाले समय में सोनभद्र पर शोध करने वालों के लिए एक मानक संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगा।

लेखक का साहित्यिक अवदान
डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ‘संजय’ की साहित्यिक यात्रा अत्यंत समृद्ध और बहुआयामी रही है। उनकी प्रमुख प्रकाशित एवं चर्चित कृतियों में—
कुंडवासिनी स्तोत्र, कुंडवासिनी, साहित्यकार द्विवेदी दंपति, बघेल वंश के चार कवि रत्न, भारतीय भाषा साहित्य और छंद की भूमिका, हिंदी कवि और काव्यालोचक: शास्त्रीय अवधारणा और व्यवहारिक स्वरूप, पुष्कर, प्रणम्य सोनभद्र, प्रसन्न सोनभद्र, सोनभद्र का समाज, संस्कृति शिला पर उत्कीर्ण रचनायें, श्री राम की अयोध्या आदि उल्लेखनीय हैं।
अपने सतत लेखन, गहन शोध और अन्वेषण के लिए वे देश के विभिन्न प्रदेशों में अनेक पुरस्कारों और सम्मानों से अलंकृत हो चुके हैं।
साहित्यिक जगत में उत्साह
‘सोनभद्र का इतिहास’ के लोकार्पण को लेकर साहित्यिक एवं बौद्धिक जगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यह आयोजन न केवल एक पुस्तक विमोचन है, बल्कि सोनभद्र की ऐतिहासिक चेतना और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा देने वाला अवसर भी माना जा रहा है।
सोन प्रभात न्यूज़ की ओर से डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ‘संजय’ को इस महत्त्वपूर्ण कृति के लिए हार्दिक बधाई , नमन।
Son Prabhat Live News is the leading Hindi news website dedicated to delivering reliable, timely, and comprehensive news coverage from Sonbhadra Uttar Pradesh + 4 States CG News, MP News, Bihar News and Jharkhand News. Established with a commitment to truthful journalism, we aim to keep our readers informed about regional, national, and global events.















