Sonbhadra News | Sonprabhat | Jitendra Kumar Chandravanshi Bureau Chief Sonbhadra
नगवा, सोनभद्र। आगामी 2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के लिए रविवार को ग्राम नगवा के गांधी मैदान में पाँच कुण्डीय भूमि पूजन यज्ञ का भव्य आयोजन हुआ। यह आयोजन प्रज्ञा मंडल नगवा के संयोजन एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक अरविंद कुमार सिंह, जिला ट्रस्टी डॉ. हर्षवर्धन प्रजापति, शाहजहाँपुर संस्कृति ज्ञान परीक्षा जिला संयोजक डॉ. हरदेव प्रसाद गुप्ता, जिला ट्रस्टी शिव शंकर कुशवाहा, राधारमण चौबे, तहसील समन्वयक जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी, प्रकाशचंद्र केशरी और ब्लॉक समन्वयक पन्नालाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुआ।

इस दौरान व्यास पीठ की भूमिका में अर्चना गुप्ता एवं कुमारी ममता ने कुशल दिशा-निर्देशन किया। परम पूज्य युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा और माँ गायत्री की प्रतिमा पर पुष्प माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर पाँच कुण्डीय यज्ञ का शुभारंभ हुआ। यज्ञ के दौरान गायत्री महामंत्र और महामृत्युंजय मंत्र के उच्चारण के साथ आहुतियाँ दी गईं, जिससे विश्व कल्याण और युग परिवर्तन की भावना प्रबल हुई।
जिला ट्रस्टी डॉ. हर्षवर्धन प्रजापति ने पंचधातु और धरती माता को अर्पित कर यज्ञ अनुष्ठान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी गायत्री परिजनों ने 24 कुण्डीय महायज्ञ के सफल आयोजन हेतु अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के लिए गोष्ठी में भाग लिया।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रज्ञा मंडल नगवा के अध्यक्ष शिवकुमार, सागोबांध प्रज्ञा मंडल अध्यक्ष डॉ. रामनाथ प्रजापति, दुद्धी प्रज्ञा मंडल अध्यक्ष जीवन राम चंद्रवंशी, विंढमगंज प्रज्ञा मंडल अध्यक्ष उमेश कुमार जायसवाल सहित अन्य प्रज्ञा मंडलों के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने हेतु गठित समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित अनेक ग्रामीणों और गायत्री परिवार के श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही।
यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों के प्रचार-प्रसार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Son Prabhat Live News is the leading Hindi news website dedicated to delivering reliable, timely, and comprehensive news coverage from Sonbhadra Uttar Pradesh + 4 States CG News, MP News, Bihar News and Jharkhand News. Established with a commitment to truthful journalism, we aim to keep our readers informed about regional, national, and global events.

