Sonbhadra News | U. Gupta |विशेष संवाददाता
रेनुकूट | महर्षि दयानंद इंटरमीडिएट कॉलेज (आर्य समाज) रेनुकूट में रविवार को वैदिक नव वर्ष एवं आर्य समाज के 150वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में वैदिक सृष्टि सृजन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत राष्ट्र कल्याण के लिए देवयज्ञ से हुई। सत्संग भवन में आर्य समाज का स्थापना दिवस भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के इस पावन अवसर पर देश की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना के साथ वैदिक यज्ञ किया गया। विदित हो कि इसी दिन महर्षि दयानंद सरस्वती ने 150 वर्ष पूर्व मुंबई में आर्य समाज की स्थापना करके स्वतंत्रता और समाज सुधार का शंखनाद किया था। इस महत्वपूर्ण अवसर पर यज्ञ कर समाज के उत्थान और विश्व कल्याण की मंगलकामना की गई।

वैदिक नव वर्ष का महत्व
इस अवसर पर वैदिक प्रवक्ता डॉ. राजकुमार सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा संवत 2082 के साथ सृष्टि संवत का 1 अरब 96 करोड़ 8 लाख 53 हजार 126वां वर्ष आरंभ हुआ है।

डॉ. सिंह ने नव वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसी दिन परमात्मा ने अग्नि, वायु, आदित्य और अंगिरा ऋषियों को समस्त ज्ञान-विज्ञान का संदेश क्रमशः ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद के रूप में प्रदान किया था। इसी कारण इसे ‘वेद संवत’ भी कहा जाता है। साथ ही, इस दिन महर्षि दयानंद सरस्वती ने सत्य वेद धर्म के प्रचार के लिए आर्य समाज की स्थापना की थी।

आर्य समाज के योगदान पर प्रकाश
वैदिक प्रवक्ता रमेश कुमार सिंह ने बताया कि चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा संवत 1932, तदनुसार 10 अप्रैल 1875 को स्वामी दयानंद सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना की थी। उन्होंने समाज में शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी जी द्वारा लिखे गए चार महत्वपूर्ण ग्रंथों पर भी प्रकाश डाला। साथ ही, सभी आर्यजनों से अनुरोध किया कि वे अपनी नई पीढ़ी को वैदिक विचारों और संस्कारों से अवगत कराएं।

भजन संध्या और प्रेरणादायक संदेश
इस विशेष अवसर पर वैदिक प्रवक्ताओं ने भजनों के माध्यम से महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन से प्रेरणा लेकर मर्यादित और अनुशासित जीवन जीने का संदेश दिया। समारोह में उपस्थित सभी भक्तों और श्रद्धालुओं ने इस आयोजन का आनंद उठाया और वैदिक जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में अवकाश बाबू सिंह, सुनीता देवी, लक्ष्मण प्रसाद पटेल, सर्वेश कुमार गुप्ता, रेनू देवी, अर्चना देवी, राम सुंदर सिंह, संतोष कुमार सिंह, जे.पी. भारद्वाज, महेंद्र नाथ आर्य, मनोज कुमार सिंह, डॉ. राजकुमार सिंह, रमेश कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Son Prabhat Live News focuses on UP News and local developments, highlighting the district’s rich culture, dynamic communities, and pressing issues. Our dedicated team of reporters and editors brings exclusive reports, insightful analyses, and unbiased perspectives to empower readers with the knowledge they need.

