April 19, 2025 2:39 AM

Menu

Sonbhadra News : कनहर सिंचाई परियोजना का मुख्य अभियंता ने किया निरीक्षण, 2027 तक पूर्ण होने का लक्ष्य

Sonbhadra News : दुद्धी क्षेत्र में स्थित बहुप्रतीक्षित कनहर सिंचाई परियोजना के स्थलों का किया गया व्यापक निरीक्षण, मुख्य बांध, स्पिलवे और विस्थापित कॉलोनी की प्रगति का लिया गया जायजा, तकनीकी खामियों पर जताई चिंता और जल्द समाधान का दिया आश्वासन, 1100 करोड़ की परियोजना के लिए अब तक 150 करोड़ की राशि जारी, 8 करोड़ विस्थापितों को वितरित

 Sonbhadra News |  सोनप्रभात न्यूज़ | Nitish Jaiswal/ जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ब्यूरो चीफ सोनभद्र

दुद्धी, सोनभद्र : दुद्धी क्षेत्र स्थित कनहर सिंचाई परियोजना का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को मुख्य अभियंता नीरज कुमार पहुंचे। दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने परियोजना के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की गहन समीक्षा की।

मुख्य स्थलों का किया गया अवलोकन

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने मुख्य बांध, स्पिलवे, रॉकफिल डैम, तथा विस्थापित कॉलोनी का दौरा किया। उन्होंने प्रत्येक कार्य स्थल पर मौजूद अभियंताओं से तकनीकी जानकारी ली और कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।

तकनीकी खामियों पर जताई चिंता

निरीक्षण उपरांत फील्ड हॉस्टल में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता ने बताया कि कुछ स्थानों पर तकनीकी कमियां पाई गई हैं, जिनकी जानकारी संबंधित अधिशासी अभियंताओं से ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, ताकि कार्यों की गति और गुणवत्ता प्रभावित न हो।

बजट और प्रगति की स्थिति

मुख्य अभियंता नीरज कुमार ने जानकारी दी कि परियोजना के लिए 1100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित है, जिसमें से 150 करोड़ रुपये की धनराशि अब तक प्राप्त हो चुकी है। इस राशि में से लगभग 8 करोड़ रुपये विस्थापित परिवारों को दिए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी, जिससे कार्यों में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

2027 तक परियोजना पूर्ण होने का लक्ष्य

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने कहा, “कनहर सिंचाई परियोजना को वर्ष 2027 तक पूरी तरह से पूर्ण कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग इस दिशा में लगातार काम कर रहा है और कार्य की प्रगति संतोषजनक है।”

अधिकारियों की उपस्थिति

निरीक्षण व बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता समेत परियोजना से जुड़े कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को निर्देशित किया गया कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और तकनीकी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On