June 3, 2025 8:54 PM

Menu

Sonbhadra News: दुद्धी में पहली बार तीन दिवसीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का आगाज प्लास्टिक मुक्त जागरूकता रैली से शुरू

Sonbhadra News | Ashish Gupta

दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी क्षेत्र में पहली बार आयोजित हो रही तीन दिवसीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार 2 जून को भव्य जन जागरूकता रैली के साथ हुआ। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्पोर्ट्स क्लब दुद्धी के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 4 जून 2025 तक चलेगी, जिसमें लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, हरदोई और भदोही की टीमों की महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं।


सुबह निकली स्वच्छता जागरूकता रैली

प्रतियोगिता से पूर्व सोमवार सुबह 9 बजे ‘प्लास्टिक मुक्त दुद्धी’ विषय पर आधारित जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में महिला हॉकी खिलाड़ी, नगर पंचायत दुद्धी और विकासखंड दुद्धी के सफाई कर्मियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।


प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने दिखाया हरी झंडी

रैली की शुरुआत नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, खंड विकास अधिकारी विशाल चौरसिया, पं. दीनदयाल उपाध्याय विचार मंच के अध्यक्ष डॉ. लव कुश प्रजापति, और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य ऋतिका श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर की गई।
रैली के माध्यम से नगरवासियों को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।


खिलाड़ियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

मेजर ध्यानचंद हॉकी स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष निरंजन जायसवाल, सचिव संदीप तिवारी, कोषाध्यक्ष बृजेश कुमार कुशवाहा, संरक्षक शिव शंकर प्रसाद एडवोकेट तथा स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने आयोजन की अगुवाई की। सभी वक्ताओं ने प्लास्टिक मुक्त समाज और स्वच्छ भारत की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों से अपील की कि वे अपने घर, दुकान, और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं।


व्यापारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग

इस आयोजन में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, बनवासी सेवा आश्रम से चित्रांगन दुबे, प्रगति फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास कुमार अग्रहरी और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं जैसे संदीप कुमार, सुधीर कुमार, मुजीब खान, पड्डू खान की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और सशक्त बनाया।


नगर भ्रमण और सफाई अभियान का समापन

जन जागरूकता रैली के दौरान नगर पंचायत एवं विकासखंड दुद्धी के सफाई कर्मियों ने नगर भ्रमण कर सड़कों, पटरियों और नालियों की सफाई की। साथ ही दुकानदारों और रहवासियों से अपील की गई कि वे अपने आस-पास सफाई रखें और प्लास्टिक का उपयोग बंद करें। स्वच्छता मिशन के तहत यह अभियान जन-भागीदारी से प्रेरित रहा।


खेल और समाज सेवा का अद्भुत संगम

महिला हॉकी प्रतियोगिता जैसे आयोजन से जहां खेल को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को जरूरी संदेश भी मिल रहा है। महिला खिलाड़ियों की उपस्थिति और उनका उत्साह दुद्धी के खेल भविष्य को नया आयाम देगा।


अंतिम मुकाबला 4 जून को, सभी खेल प्रेमियों से आमंत्रण
दुद्धी के रामलीला खेल मैदान में 4 जून तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में दोपहर 3 बजे से रोमांचक मुकाबले होंगे। आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों से अनुरोध किया है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और स्वच्छता मिशन को सफल बनाने में भागीदार बनें।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On