February 23, 2025 1:45 AM

Menu

Sonbhadra News : म्योरपुर खेल मैदान पर तीन दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

Sonbhadra News : ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में स्थानीय और क्षेत्रीय टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उद्घाटन समारोह में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति से आयोजन को विशेष पहचान मिली।

 सोनभद्र न्यूज | सोनप्रभात | आशीष गुप्ता/बाबूलाल

म्योरपुर, सोनभद्र | म्योरपुर खेल मैदान पर सोमवार को तीन दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस 21वीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन दुद्धी विधायक प्रतिनिधि निरेंद्र प्रताप सिंह, म्योरपुर ग्राम प्रधान संगीता गणेश जायसवाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पन्नालाल जायसवाल ने संयुक्त रूप से माँ भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर फीता काटकर किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश जायसवाल एवं दीपक सिंह ने भी उद्घाटन समारोह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खेलों से बढ़ता है भाईचारा

अपने संबोधन में राम देव तिवारी ने कहा कि खेलों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और शारीरिक विकास को बढ़ावा मिलता है। वहीं, दीपक सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक छोटे से गाँव में इतनी ऊर्जा और समर्पण के साथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन प्रशंसनीय है। यह आयोजन आदर्श वॉलीबॉल क्लब के तत्वावधान में हो रहा है, जिसके लिए उन्होंने आयोजन समिति को धन्यवाद दिया।

खिलाड़ियों को मिलेगी हर संभव सहायता

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संगीता गणेश जायसवाल ने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी और इस भव्य आयोजन के लिए उन्होंने आयोजन समिति को बधाई दी। समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव ने कहा कि म्योरपुर ब्लॉक मुख्यालय होने के नाते इस प्रकार के खेल आयोजन आवश्यक हैं, जिससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बल मिलता है।

 

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

मुख्य अतिथि दुद्धी विधायक प्रतिनिधि निरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि वॉलीबॉल खेल की शुरुआत 1895 ई. में हुई थी और इसे 1964 के ओलंपिक में शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण बच्चों को खेल सामग्री के अभाव में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा और हर संभव मदद दी जाएगी।

खेल मैदान के विकास की मांग

आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने खेल मैदान में एक हॉल और हाई मास्क लाइट लगाने की मांग की, जिस पर अतिथियों ने शीघ्र ही इस मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

इस मौके पर अवध नारायण यादव, अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, रामपुजन यादव, कोषाध्यक्ष ऋतुराज सिंह, सह-कोषाध्यक्ष ऋतिक केशरी, मंत्री आदित्य प्रकाश, महामंत्री आकाश केशरी, व्यवस्था प्रमुख मनोज अग्रहरी, अजय अग्रहरी, दीपू जायसवाल, मनीष, बृजबिहारी, सुमेर सिंह, घाघरी जोन अध्यक्ष हृदय नारायण सिंह गोंड़, मान सिंह गोंड़, शिवम यादव समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On