April 17, 2025 11:34 PM

Menu

Sonbhadra News : ”मेरा प्लास्टिक, मेरी जिम्मेदारी” ऊंचडीह ग्राम पंचायत की अभिनव पहल, स्वच्छता के साथ महिला स्वास्थ्य को भी मिला बढ़ावा

Sonbhadra News : महिलाओं और किशोरियों को प्लास्टिक प्रबंधन के बदले सेनेटरी पैड देकर किया जा रहा जागरूक, सीडीओ जागृति अवस्थी और डीपीआरओ नमृता शरण की देखरेख में हुआ शुभारंभ

Sonbhadra News | सोनप्रभात | Sanjay Singh

सोनभद्र। जनपद सोनभद्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में विकास खंड रॉबर्ट्सगंज की ग्राम पंचायत ऊंचडीह ने एक अनुकरणीय और नवाचारी पहल की शुरुआत की है। ग्राम प्रधान अर्चना त्रिपाठी के नेतृत्व में, “मेरा प्लास्टिक, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत न केवल प्लास्टिक कचरे का प्रभावी प्रबंधन किया जा रहा है, बल्कि महिलाओं और किशोरियों को स्वच्छता और मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

यह अभियान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी नमृता शरण की निगरानी और प्रेरणा में प्रारंभ हुआ, जिसमें ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे जनांदोलन का रूप दिया गया है।

कैसे काम करता है यह अभियान:

इस योजना के अंतर्गत, ग्रामीण महिलाओं को यह बताया गया है कि वे अपने घर पर एक बोरी टांगें और उसमें इस्तेमाल हो चुके प्लास्टिक बैग, नमकीन और बिस्किट के रैपर, गुटखा पाउच, तेल की बोतलें, पानी की बोतलें, टॉफी की पन्नियाँ आदि प्लास्टिक सामग्री एकत्र करें। साथ ही उन्हें अपने घर और आस-पास फैले प्लास्टिक को बीन कर उस बोरी में जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। जब बोरी में 2 किलो प्लास्टिक एकत्र हो जाए, तो उसे पंचायत भवन या आरआरसी केंद्र पर जमा करना होगा। इसके बदले महिलाओं को इनाम स्वरूप एक पैकेट सेनेटरी पैड प्रदान किया जाएगा।

स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य का समन्वय:

इस अभियान की सबसे विशेष बात यह है कि यह केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के मासिक धर्म स्वास्थ्य को भी केंद्र में रखता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मासिक धर्म एक वर्जित विषय माना जाता है, ऐसे में इस अभियान ने उस चुप्पी को तोड़ने और महिलाओं को साफ-सुथरे जीवन के लिए प्रेरित करने का कार्य किया है।

प्रशासन की सराहना:

सीडीओ जागृति अवस्थी ने ग्राम पंचायत ऊंचडीह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “इस तरह की पहल न केवल स्वच्छता अभियान को गति देती हैं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक भी बनाती हैं। ग्राम प्रधान अर्चना त्रिपाठी व उनकी टीम बधाई की पात्र हैं।” डीपीआरओ नमृता शरण ने भी इस मॉडल को जिले की अन्य पंचायतों में लागू करने की बात कही।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On