विश्व आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त को बभनडीहा में विशाल जनसभा, रोड शो एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
जल, जंगल और जमीन के अधिकारों समेत कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर जुटेंगे हजारों आदिवासी, सामाजिक संगठनों ने की सहभागिता की अपील
sonbhadra
2:03 PM, Aug 4, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Ashish Gupta

म्योरपुर, सोनभद्र। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आगामी 9 अगस्त 2026 को म्योरपुर विकासखंड के बभनडीहा में आदिवासी सेवा ट्रस्ट, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के तत्वावधान में विशाल आदिवासी जनसभा, रोड शो एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार इस कार्यक्रम में जनपद सोनभद्र सहित आसपास के जिलों एवं क्षेत्रों से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा एवं महिलाएं भाग लेंगी।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और संवैधानिक अधिकारों को सशक्त मंच प्रदान करना तथा समाज के समग्र विकास के लिए जनजागरण करना है। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की एकता, सम्मान, अधिकारों एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी विरासत और सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सरकार के समक्ष आदिवासी समाज से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखी जाएंगी। इनमें जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समुदाय के पारंपरिक एवं संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा, वनाधिकार कानून-2006 का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन, ग्राम सभाओं के अधिकारों को सशक्त बनाना तथा अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून की भावना के अनुरूप व्यवस्था लागू करना प्रमुख मांगें शामिल हैं।
विज्ञापन
इसके अतिरिक्त आयोजन में आदिवासी युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर बढ़ाने, आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने तथा आदिवासी संस्कृति, भाषा और विरासत के संरक्षण हेतु विशेष योजनाएं लागू किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
यह भी पढ़ें
आयोजन समिति ने सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आदिवासी समाज की एकता, सम्मान और अधिकारों की इस मुहिम को मजबूत बनाने की अपील की है।

विज्ञापन
कार्यक्रम विवरण
- कार्यक्रम: विशाल आदिवासी जनसभा, रोड शो एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
- अवसर: विश्व आदिवासी दिवस
- तिथि: 9 अगस्त 2026
- स्थान: बभनडीहा, म्योरपुर, जनपद सोनभद्र
- आयोजक: आदिवासी सेवा ट्रस्ट, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)






