Murder:घोरावल में 62 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी की संदिग्ध मौत, गले पर मिले कसाव के निशान
सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के घोरावल नगर स्थित वार्ड नंबर-04 में शुक्रवार रात 62 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी ओमप्रकाश भारद्वाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने
12:04 PM, Oct 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सीसीटीवी और बिजली कनेक्शन बंद मिलने से बढ़ा संदेह, मोबाइल से कॉल डिटेल डिलीट होने की भी चर्चा
घोरावल सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के घोरावल नगर स्थित वार्ड नंबर-04 में शुक्रवार रात 62 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी ओमप्रकाश भारद्वाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया मृतक के गले पर कसाव के निशान मिलने से गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
मृतक ओमप्रकाश भारद्वाज पुत्र राम निहोर मूल रूप से वाराणसी जनपद के कपसेठी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के रहने वाले थे। वह वर्तमान में घोरावल के वार्ड नंबर-04 स्थित सोनांचल स्कूल परिसर में रहते थे। बताया गया कि वह रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे और सोनांचल पब्लिक स्कूल का संचालन भी करते थे।
सुबह बिस्तर पर मिला शव
पुलिस के अनुसार, मृतक के पुत्र आकाश भारद्वाज ने शनिवार सुबह डायल-112 पर सूचना दी कि उनके पिता कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पुत्र आकाश और विकास ने पूछताछ में बताया कि शुक्रवार शाम उनके पिता ने दोनों को बिसुंधरी मंदिर जाने के लिए कहा था और सुबह करीब पांच बजे वापस आने को कहा था। घर में खाना बनाने वाली दाई को भी शाम करीब पांच बजे फोन कर खाना बनाने नहीं आने के लिए कहा गया था।
शनिवार सुबह दोनों पुत्र वापस पहुंचे तो ओमप्रकाश भारद्वाज बिस्तर पर मृत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
गले पर कसाव के निशान से बढ़ा संदेह
चौकी इंचार्ज उदय कुशवाहा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतक के गले पर कसाव के निशान दिखाई दिए हैं। ऐसे में मौत को लेकर संदेह गहरा गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और विद्युत कनेक्शन के बंद मिलने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन से कॉल डिटेल डिलीट किए जाने की बात कही जा रही है। इन परिस्थितियों ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इन बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा शव
मृतक के पुत्र विकास की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस पंचनामा की कार्रवाई कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने में मदद मिलेगी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






