Sonbhadra : जर्जर पुलिया दे रही हादसों को न्योता, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन
राबर्ट्सगंज नगर पालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित वर्षों पुरानी पुलिया टूटी, 20 से अधिक गांवों के आवागमन पर संकट; ग्रामीणों ने तत्काल निर्माण की उठाई मांग
sonbhadra
11:19 AM, Jul 13, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Sanjay Singh

Photo : Sonprabhat News
चुर्क (सोनभद्र)। राबर्ट्सगंज विकासखंड के सहिजन कला गांव, जो नगर पालिका राबर्ट्सगंज के वार्ड नंबर 4 में स्थित है, वहां सूर्यनाथ पटेल के घर के समीप बनी वर्षों पुरानी पुलिया पूरी तरह जर्जर होकर टूट चुकी है। पुलिया की बदहाल स्थिति के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के सामने हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से सहिजन कला समेत आसपास के लगभग 20 गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लगातार आवाजाही के बावजूद लंबे समय से क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

विज्ञापन
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया अब टूटकर गहरे गड्ढे का रूप ले चुकी है। कई बार संबंधित विभाग एवं नगर पालिका राबर्ट्सगंज का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
यह भी पढ़ें
इसी समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने एकत्र होकर जर्जर पुलिया के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल मरम्मत अथवा नई पुलिया के निर्माण की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
विज्ञापन
प्रदर्शन में शंकर यादव, सत्य प्रकाश, लवकुश, एस. प्रीतम, राजेंद्र प्रसाद, अभिनव, संजय कुशवाहा, जगदीश मौर्य, रामसमुझ मौर्य, तेज बहादुर मौर्य, संतोष मौर्य, राजेश मौर्य, अलगू प्रसाद, रविंद्र कुमार, रामविलास विश्वकर्मा, सूर्यनाथ पटेल, बबुंदर सिंह, अजय भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






