तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बालिका की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सोनभद्र: तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बालिका की मौत, परिवार में मचा कोहराम
8:18 PM, May 21, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ओरगाई गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ओरगाई गांव निवासी महेंद्र की 11 वर्षीय पुत्री चांदनी गुरुवार को गांव के तालाब में नहाने के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उस समय उसके पिता मवेशी चराने गए हुए थे, जबकि घर पर मौजूद दादी अमरावती ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।इसी दौरान उसकी दादी की नजर तालाब में उतराए एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव चांदनी का निकला। यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से बालिका के शव को तालाब से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक बालिका छह बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर की थी।परिवार में दुख का माहौल इसलिए और गहरा गया क्योंकि मृतका की मां ने करीब दस दिन पहले ही एक बेटे को जन्म दिया था। घर में नवजात के आने की खुशियां अभी पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें






