सोनभद्र में सकल जिला घरेलू उत्पाद में 12.10 प्रतिशत की वृद्धि, ओटीडी सेल की समीक्षा बैठक सम्पन्न
सोनभद्र में सकल जिला घरेलू उत्पाद में 12.10 प्रतिशत की वृद्धि, ओटीडी सेल की समीक्षा बैठक सम्पन्न
5:20 PM, Jul 10, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 10 जुलाई 2026। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वन ट्रिलियन डॉलर (ओटीडी) सेल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए गए।जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जनपद का सकल जिला घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 46,929 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2023-24 की तुलना में 5,084 करोड़ रुपये अधिक है। इस प्रकार जनपद ने 12.10 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में सोनभद्र की 1.55 प्रतिशत की सहभागिता रही, जबकि जनपद की प्रति व्यक्ति आय 1,69,563 रुपये दर्ज की गई, जो प्रदेश की औसत प्रति व्यक्ति आय से अधिक है।बैठक में प्राथमिक क्षेत्र के अंतर्गत कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं वन विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। द्वितीयक क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण, विद्युत उपभोग तथा स्थानीय निकायों द्वारा भवन मानचित्र स्वीकृति की स्थिति पर चर्चा हुई। विगत दो वर्षों में भवन मानचित्र स्वीकृतियों में आई कमी पर जिलाधिकारी ने चिंता व्यक्त करते हुए इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए।तृतीयक क्षेत्र के अंतर्गत जीएसटी संग्रह, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, होटल एवं वाहन पंजीकरण तथा वित्तीय सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आर्थिक गतिविधियों को और गति देने पर जोर दिया।बैठक में अपर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। :::
यह भी पढ़ें






