बिजुल नदी पर दीर्घ सेतु निर्माण का हुआ भूमि पूजन, मंत्री संजीव सिंह गोंड़ बोले- क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
बिजुल नदी पर दीर्घ सेतु निर्माण का हुआ भूमि पूजन, मंत्री संजीव सिंह गोंड़ बोले- क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
8:29 PM, Jul 23, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कनहरा में बैरपुर–कनहरा मार्ग स्थित बिजुल नदी पर प्रस्तावित दीर्घ सेतु निर्माण कार्य का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ हुआ। ओबरा विधायक एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड़ ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया तथा क्षेत्रवासियों से संवाद कर परियोजना की महत्ता पर प्रकाश डाला।राज्य मंत्री ने कहा कि बिजुल नदी पर पुल निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसकी आज औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस सेतु के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा वर्षभर निर्बाध संपर्क बना रहेगा। साथ ही उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन को भी नई गति मिलेगी।उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।मंत्री संजीव सिंह गोंड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। सड़क, पुल और पुलिया जैसे आधारभूत ढांचे के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।इस अवसर पर ओबरा मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड़, भगवान केशरी, निशांत कुशवाहा, उमेश पटेल, ओमप्रकाश शर्मा, कनहरा ग्राम प्रधान धनेश कुमार, दिनेश यादव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






