सोनभद्र मे रिमझिम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खेतों में गिरी धान की फसल तो खलिहान में भीगा अनाज
शुक्रवार सुबह से सोनभद्र क्षेत्र में हो रही रुक-रुककर हल्की रिमझिम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
sonebhadra🎉
9:17 AM, Nov 21, 2026
Share:
Edited By: U. Gupta , Reported By: जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ब्यूरो चीफ

शुक्रवार से लगातार सोनभद्र में हो रही रुक-रुककर हल्की रिमझिम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
दुद्धी (सोनभद्र) शुक्रवार और शनिवार सुबह से दुद्धी क्षेत्र में हो रही रुक-रुककर हल्की रिमझिम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश के चलते खेतों में पककर तैयार धान की लहलहाती फसल जमीन पर गिर गई है, वहीं कटाई के बाद खलिहानों में रखे धान के भीगने से किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल बारिश और हवा के कारण कई स्थानों पर जमीन पर गिर गई है। इससे कटाई में परेशानी के साथ ही उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। वहीं जिन किसानों ने धान की कटाई कर खलिहान में रखा था, उनका अनाज बारिश की चपेट में आकर भीग गया। इससे धान की गुणवत्ता खराब होने और उचित मूल्य नहीं मिलने की चिंता सताने लगी है।
किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या खेतों में तैयार फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की है। लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण कटाई और मड़ाई का काम भी प्रभावित हो रहा है। खलिहान में रखे भीगे धान को सुखाने की समस्या अलग से खड़ी हो गई है। धान के अलावा भी बारिश से अन्य फसलों पर असर पड़ने की आशंका है। खेतों में लगी दलहन, तिलहन और सब्जी की फसलों को लेकर भी किसान चिंतित हैं। मौसम के अचानक बदलने से किसानों की कृषि संबंधी तैयारियां प्रभावित हो गई हैं।
यह भी पढ़ें
किसानों का कहना है कि पूरे सीजन की मेहनत के बाद जब फसल घर लाने का समय आया है, तब बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान अब मौसम साफ होने और धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं। कृषि विभाग के बीज गोदाम प्रभारी नागेंद्र प्रसाद ने बताया कि वर्तमान समय में किसान धान की कटाई न करे जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है वे किसान 72 घंटे के अंदर हेल्पलाइन नंबर 14447 पर फोन कर सूचना दे उन्हें उचित मुआवजा मिलेगा।






