ऑपरेशन 'दहन' में सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15.24 करोड़ रुपये के गांजा-हेरोइन का किया विनिष्टीकरण
ऑपरेशन 'दहन' में सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15.24 करोड़ रुपये के गांजा-हेरोइन का किया विनिष्टीकरण
8:20 PM, Jul 4, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 4 जुलाई। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन 'दहन' के तहत 15 करोड़ 24 लाख 86 हजार 200 रुपये मूल्य के 1,897.811 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनिष्टीकरण कराया।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) ने शनिवार को विभिन्न न्यायालयों से प्राप्त आदेशों तथा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की। विनिष्टीकरण की प्रक्रिया अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (डाला सीमेंट वर्क्स) के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी सुरक्षा और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जनपद के तीन थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 145 अभियोगों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए की गई। इनमें राबर्ट्सगंज थाना के 129, कोन थाना के 2 तथा दुद्धी थाना के 14 मुकदमे शामिल हैं।नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 1,894.924 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 47 लाख 46 हजार 200 रुपये, तथा 2.887 किलोग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 77 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों को मिलाकर नष्ट किए गए मादक पदार्थों का कुल अनुमानित मूल्य 15 करोड़ 24 लाख 86 हजार 200 रुपये है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बरामद मादक पदार्थ लंबे समय से सुरक्षित रखे गए थे। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा 1 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उनका विनिष्टीकरण कराया।इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, प्रभारी नारकोटिक्स सेल उपनिरीक्षक रामनगीना प्रधान तथा आरक्षी अभिलाष सिंह मौजूद रहे।सोनभद्र पुलिस ने कहा है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें






