दुद्धी में आवास दिलाने के नाम पर ठगी: बुजुर्ग आदिवासी महिला की चांदी की हसुली लेकर फरार हुआ फर्जी अधिकारी.
घर पहुंचकर खुद को अधिकारी बताया, फोटो खींची और आधार अपडेट कराने के बहाने दुद्धी बुलाया
duddhi
4:09 PM, Aug 2, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Jitendra Chandravanshi

Photo : Sonprabhat News
दुद्धी, सोनभद्र। ग्रामीण आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक अज्ञात ठग ने बुजुर्ग आदिवासी महिला से चांदी की मोटी हसुली ठग ली और मौके से फरार हो गया। रविवार को दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने स्थानीय लोगों की सलाह पर दुद्धी कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, इंजोरा देवी (65 वर्ष), पत्नी बुधराम, निवासी ग्राम बबनडीहा, थाना म्योरपुर के घर रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा। उसने स्वयं को सरकारी अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास स्वीकृत होने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपी ने महिला के मकान के सामने फोटो भी खींची और आधार कार्ड अपडेट कराने का बहाना बनाकर उन्हें दुद्धी चलने के लिए तैयार कर लिया।
बताया गया कि महिला अपनी बहू, जिसकी गोद में एक छोटी बच्ची थी, के साथ दुद्धी पहुंची। डीआर होटल (डीआर पैलेस) के सामने पुल के पास आरोपी ने महिला से कहा कि अधिकारी के सामने फोटो खिंचवानी है और गले में पहनी चांदी की हसुली पहनकर जाने से आवास निरस्त हो सकता है।
विज्ञापन

महिला ने हसुली उतारने से इनकार किया, लेकिन आरोपी ने जबरन हसुली लेकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रख दी और कहा कि वह आधार कार्ड लेकर तुरंत वापस आता है। इसके बाद वह चांदी की हसुली लेकर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें
घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो सका। इसके बाद स्थानीय लोगों की सलाह पर वह दुद्धी कोतवाली पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।
विज्ञापन
समाचार लिखे जाने तक मामले में तहरीर मिलने अथवा पुलिस द्वारा किसी विधिक कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे फर्जी अधिकारियों और ठगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी सरकारी योजना के नाम पर आने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान अवश्य सत्यापित करें और बिना पुष्टि किसी भी प्रकार के आभूषण या दस्तावेज उनके हवाले न करें।






