सोनभद्र में संचारी एवं दस्तक अभियान तेज, उच्च जोखिम वाले गांवों में युद्धस्तर पर स्वच्छता और जागरूकता अभियान
सोनभद्र में संचारी एवं दस्तक अभियान तेज, उच्च जोखिम वाले गांवों में युद्धस्तर पर स्वच्छता और जागरूकता अभियान
5:38 PM, Jul 23, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 23 जुलाई। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से संचालित इस अभियान के तहत गांवों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत, फॉगिंग तथा बुखार, डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, क्षय (टीबी) सहित अन्य संक्रामक रोगों के संभावित मरीजों की पहचान का कार्य लगातार किया जा रहा है।
अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्राम प्रधान सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, मच्छरजनित एवं संक्रामक रोगों से बचाव तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, ग्राम सभाओं में बैठकें, प्रभात फेरियां, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान, हैंडपंपों की मरम्मत और फॉगिंग जैसी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।
दस्तक अभियान के अंतर्गत घर-घर सर्वे कर बुखार से पीड़ित मरीजों की पहचान, उनकी जांच, टीबी के संभावित मरीजों का चिन्हीकरण, आईएलआई (खांसी-जुकाम) एवं डायरिया के लक्षण वाले रोगियों का सर्वे तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि संचारी एवं दस्तक अभियान में सक्रिय सहयोग करें, अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा बुखार या किसी भी संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
यह भी पढ़ें






