दुद्धी में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव घर में फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
दुद्धी में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव घर में फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
8:09 PM, Jul 14, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा के वार्ड नंबर-4 निवासी धर्मेंद्र उर्फ सोनू अग्रहरी (45) पुत्र दिलीप अग्रहरी का शव मंगलवार दोपहर उनके घर में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक के पुत्र शिबू, जो रामनगर पेट्रोल पंप पर कंप्यूटर ऑपरेटर हैं, मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर पहुंचे तो मुख्य गेट बंद मिला। उस समय उनकी मां, जो चौका-बर्तन का काम करती हैं, भी घर के बाहर दरवाजा खुलने का इंतजार कर रही थीं। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर शिबू ने एक साथी की मदद से पीछे की खिड़की का हिस्सा काटकर घर में प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर उन्होंने अपने पिता को पंखे से रस्सी के सहारे लटका देखा, जिसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
स्थानीय पुलिस और परिजनों की मदद से धर्मेंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक पुत्र हैं। तीनों बच्चे अविवाहित हैं। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। बताया गया कि पिछले 7-8 वर्षों से वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। घटना के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था। दोनों बेटियां स्कूल गई थीं, पत्नी काम पर गई थीं और पुत्र अपने कार्यस्थल पर था।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






