Duddhi : अवैध जुआ फड़ पर दुद्धी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह जुआरी गिरफ्तार, नकदी समेत कई सामान बरामद
पुलिस द्वारा की गई तलाशी एवं कार्रवाई के दौरान मौके से 52 पत्तों की ताश की गड्डी, ₹12,320 नगद, चार मोबाइल फोन तथा 11 लावारिस दोपहिया वाहन बरामद किए गए। बरामद वाहनों के संबंध में भी पुलिस आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है।
duddhi
6:49 PM, Jun 9, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Jitendra Chandravanshi

Photo : Sonprabhat News
दुद्धी, सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुद्धी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। अवैध जुआ संचालन के विरुद्ध की गई कार्रवाई में पुलिस ने छह जुआरियों को गिरफ्तार करते हुए नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन तथा लावारिस दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दिनांक 08 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर डूमरडीहा रेलवे लाइन पुलिया के नीचे नहर के समीप छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर अवैध रूप से जुआ खेल रहे छह व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी एवं कार्रवाई के दौरान मौके से 52 पत्तों की ताश की गड्डी, ₹12,320 नगद, चार मोबाइल फोन तथा 11 लावारिस दोपहिया वाहन बरामद किए गए। बरामद वाहनों के संबंध में भी पुलिस आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पीर मोहम्मद, असलम, बृजेश कुमार, मकसूद अहमद, लवकुश कुमार तथा जितेन्द्र सोनी शामिल हैं। सभी आरोपी दुद्धी क्षेत्र एवं आसपास के गांवों के निवासी बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें
इस मामले में थाना दुद्धी पर मु0अ0सं0 167/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल महताब, हेड कांस्टेबल मोहम्मद खालिद, आरक्षी शिवम् द्विवेदी तथा आरक्षी धर्मपाल शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।






