दुद्धी में सैकड़ों वर्षों की परंपरा के बीच निकलीं भव्य कृष्ण जन्मोत्सव झांकियां
दुद्धी, सोनभद्र। तहसील मुख्यालय दुद्धी में सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपराओं की श्रृंखला में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। देर शाम नगर की सड़कों पर नटवर नंद किशोर कान्हा की दर्जनों मनमोहक झांकियां परंपरागत रूप से निकाली गईं
8:36 AM, Sep 7, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

प्रशासन ने सुरक्षा का बनाया अभेद्य घेरा, मंदिर परिक्रमा के दौरान चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की निगहबानी
दुद्धी, सोनभद्र। तहसील मुख्यालय दुद्धी में सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपराओं की श्रृंखला में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। देर शाम नगर की सड़कों पर नटवर नंद किशोर कान्हा की दर्जनों मनमोहक झांकियां परंपरागत रूप से निकाली गईं।
आकर्षक झांकियों ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो भगवान श्रीकृष्ण स्वयं पृथ्वी पर अवतरित हो उठे हों। श्रद्धालुओं का रोम-रोम भक्ति भाव से पुलकित रहा।आदिशक्ति मां काली मंदिर तिराहा और संकट मोचन तिराहा पर मटका फोड़ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। युवा शक्ति की टीम द्वारा शानदार संयोजन के बीच गोविंदाओं ने कठिन चुनौती को पूरा करते हुए मटका फोड़ने में सफलता हासिल की। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। जगह-जगह हल्दी के रंग की वर्षा से श्रद्धालु सराबोर नजर आए, जिससे पूरे आयोजन की आस्था और भक्ति में चार चांद लग गए।
विज्ञापन
राधा-कृष्ण मंदिर की सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपरागत झांकी में भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकी के साथ अनन्य भक्त संत प्रेमानंद जी महाराज की झांकी भी रही। यह परंपरा स्वर्गीय भोला साह के समय से निर्बाध रूप से चली आ रही है।वहीं आदिशक्ति मां काली मंदिर से मां काली सेवा समिति के आस्था एवं निष्ठावान युवाओं की टीम ने पदाधिकारियों के साथ भगवान लड्डू गोपाल की नटखट झांकी निकाली। पालकी को कदम-कदम पर कंधा लगाकर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की।प्राचीन शिवाला मंदिर की झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा भगवान इंद्र के क्रोध और तूफानी वर्षा से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठाने का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विष्णु मंदिर से भी भक्तों ने भजन-कीर्तन के बीच झांकी निकाली। कान्हा सेवा समिति के जुझारू भक्तगण पीतांबर रंग की टी-शर्ट पहनकर भगवान की झांकी के साथ चल रहे थे।श्री संकट मोचन मंदिर पर करीब 20 वर्षों से युवा शक्ति की टीम मटका फोड़ एवं भव्य झांकी का संयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी टीम ने मनोयोग से आयोजन कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
यह भी पढ़ें
पंचदेव मंदिर से भी परंपरागत झांकी श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। जय बजरंग अखाड़ा समिति की श्रीराम की बजरंगी सेना भी मनमोहक झांकी के साथ कार्यक्रम में शामिल हुई।ग्राम मल्देवा से निकली भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी समेत अन्य पालकियां और डोल गाजे-बाजे, तड़सा-ढोल एवं डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के बीच झूमते-नाचते रामलीला खेल मैदान पहुंचे। यहां विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में दही हांडी का सुरक्षित आयोजन किया गया। पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने बतौर मुख्य अतिथि दही हांडी मटका फोड़ने वाले गोविंदाओं को नगद पुरस्कार राशि देकर प्रोत्साहित किया।शानदार एवं अनुशासित आस्था का विहंगम दृश्य देखने को मिला, जिससे नगर क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। इसके बाद नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह व्यापारियों एवं नगरवासियों ने भगवान श्रीकृष्ण की श्रद्धापूर्वक आरती उतारी और अपने कुटुंब-परिवार तथा लोकमंगल की कामना करते हुए नटखट कान्हा से आशीर्वाद लिया।इसके पश्चात सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपरागत मंदिर परिक्रमा के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। कई थानों की पुलिस की निगहबानी में भगवान की झांकियां सुरक्षित रूप से नगर भ्रमण करती रहीं। इस दौरान "धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो" और "हरि बोल" के गगनभेदी नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
विज्ञापन
झांकियों के साथ श्री रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, महामंत्री सुरेंद्र कुमार, केंद्रीय श्री जय बजरंग अखाड़ा समिति दुद्धी अध्यक्ष पंकज जायसवाल, महामंत्री दीपक शाह, नंदलाल एडवोकेट, नगर पंचायत दुद्धी चेयरमैन कमलेश मोहन, रामेश्वर प्रसाद राय, बार एसोसिएशन अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, डॉ. हर्षवर्धन प्रजापति, जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी, प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल, रोशन चंद्रवंशी, रोहित चंद्रवंशी, संदीप जायसवाल, बीगऊ जायसवाल, आलोक जायसवाल, चेतन श्रीवास्तव, पीयूष एडवोकेट, सोनू जायसवाल, पीयूष कसेरा, रूपेश जौहरी सहित सैकड़ों प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
जनपद सोनभद्र में हाई अलर्ट के बीच दुद्धी में जन्मोत्सव कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। एडिशनल एसपी (ऑपरेशन) ऋषभ रुड़वाल, एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता, तहसीलदार अंजनी गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर चौधरी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, कस्बा प्रभारी दुद्धी हरिकेश आजाद, महिला थाना प्रभारी संतु सरोज सहित उपनिरीक्षकगण एवं सैकड़ों महिला-पुरुष पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। पुलिस एवं प्रशासन की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के बीच कृष्ण जन्मोत्सव एवं मंदिर परिक्रमा का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।






