होमवीडियो LIVE
BREAKING

विज्ञापन

उद्योग बंधु की बैठक में कौशल शर्मा ने उठाए व्यापारियों और जनहित से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दे

राबर्ट्सगंज(सोनभद्र) कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों एवं आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

4:58 PM, Nov 2, 2026

Share:

Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

उद्योग बंधु की बैठक में कौशल शर्मा ने उठाए व्यापारियों और जनहित से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दे
हमसे जुड़ने के लिए फॉलो करें:
Instagram
सोन प्रभात लाइव न्यूज़ डेस्क


टोल प्लाजा की वसूली और सड़क की बदहाली, जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति तथा फ्लाईओवर के नीचे से बसों के संचालन पर सौंपा ज्ञापन
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र) कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों एवं आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली, जल जीवन मिशन की बदहाली और फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के संचालन सहित तीन प्रमुख मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनके समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के समक्ष कौशल शर्मा ने सबसे पहले वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर संचालित टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने टोल वसूली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सड़क का नियमित रखरखाव कराने, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत तथा यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली और राजस्व वसूली से जुड़े बिंदुओं की उच्चस्तरीय जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क धंसने, गहरी रटिंग (सड़क पर पहियों के दबाव से बनी गहरी लकीरें) और सर्विस लेन में जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक जोखिम उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और सुरक्षा के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।दूसरे मुद्दे के रूप में उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित 'हर घर नल से जल' योजना की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से सटे बिचपई, बढ़ौली, पुसौली और उरमौरा सहित आसपास के गांवों में योजना का लाभ अब तक लोगों को नहीं मिल पा रहा है। कई गांवों में जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है, जबकि अनेक घरों में अभी तक नल कनेक्शन भी नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से स्थलीय निरीक्षण कराकर प्रत्येक पात्र परिवार तक नियमित और शुद्ध पेयजल पहुंचाने की मांग की।तीसरे मुद्दे में कौशल शर्मा ने फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के लगातार संचालन पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस समस्या को पूर्व में भी जनहित में प्रशासन के संज्ञान में लाया गया था। प्रशासनिक स्तर पर निर्देश जारी होने के बावजूद बसों का संचालन अभी भी फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पूर्व में जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराते हुए बसों का संचालन निर्धारित रोडवेज परिसर से सुनिश्चित कराने की मांग की।कौशल शर्मा ने कहा कि उद्योग बंधु की बैठक महज औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें उठाई जाने वाली व्यापारिक और जनहित की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण भी होना चाहिए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और प्रशासनिक निर्देशों का धरातल पर क्रियान्वयन ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।उन्होंने जिलाधिकारी से तीनों मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। बैठक में नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल, प्रतीक केसरी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Breaking से पहले Believing —
Son Prabhat News, since 2019

Follow Us:

Instagram

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreSonprabhat Live

© Copyright Sonprabhat 2026. All rights reserved.

Developed by SpriteEra IT Solutions