थाना ओबरा में मिशन शक्ति केंद्र व साइबर हेल्प डेस्क भवन का लोकार्पण, डीएम-एसपी ने किया पौधरोपण
थाना ओबरा में मिशन शक्ति केंद्र व साइबर हेल्प डेस्क भवन का लोकार्पण, डीएम-एसपी ने किया पौधरोपण
8:01 PM, Jul 11, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

सोनभद्र। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण तथा साइबर अपराधों की रोकथाम को और प्रभावी बनाने की दिशा में शनिवार को थाना ओबरा परिसर में नव निर्मित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क भवन का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया।लोकार्पण के बाद दोनों अधिकारियों ने मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं तथा साइबर अपराध के पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, उनके अधिकारों, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनेगा। वहीं साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों का तत्काल पंजीकरण, उचित मार्गदर्शन और समयबद्ध सहायता प्रदान की जाएगी।अधिकारियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी अथवा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा हेल्पलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें।कार्यक्रम के उपरांत 'वन महोत्सव-2026' के अंतर्गत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने थाना ओबरा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय, प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।सोनभद्र पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, जनसहयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें






