आकाशीय बिजली का कहर: 8 वर्षीय मासूम की मौत, युवक गंभीर; कचनरवा गांव में पसरा मातम
आकाशीय बिजली का कहर: 8 वर्षीय मासूम की मौत, युवक गंभीर; कचनरवा गांव में पसरा मातम
9:50 PM, Jun 26, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

कोन (सोनभद्र)। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के असनाबांध टोला में शुक्रवार शाम तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 8 वर्षीय आवेश तिग्गा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गांव के ही एक युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब छह बजे तेज बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में 8 वर्षीय आवेश तिग्गा पुत्र पप्पू तिग्गा और रामनाथ पुत्र जगदेव आ गए। वज्रपात इतना तेज था कि आवेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रामनाथ को ग्रामीणों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोन पहुंचाया गया।सीएचसी कोन के प्रभारी डॉ. जे.पी. सिंह ने बताया कि बालक को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। वहीं रामनाथ की पीठ पर वज्रपात से गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।मृतक बालक की मां कुरमी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र शाम के समय बकरी चराने गया था। इसी दौरान अचानक वज्रपात होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।कोन थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद असनाबांध टोला में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी राहत दिलाने की मांग की है। इधर लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें






