आकाशीय बिजली का कहर: पांच लोग घायल, सीएचसी दुद्धी में भर्ती
आकाशीय बिजली का कहर: पांच लोग घायल, सीएचसी दुद्धी में भर्ती
9:42 PM, Jun 19, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी, सोनभद्र। शुक्रवार शाम क्षेत्र में अचानक बदले मौसम के बीच तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोग घायल हो गए। अलग-अलग गांवों में हुई इस घटना के बाद घायलों को परिजनों एवं 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे तेज गर्जना और बारिश के दौरान ग्राम डुमरडीहा निवासी सुनीता देवी (38) पत्नी ओमप्रकाश अपने घर की खिड़की के पास बैठी थीं। इसी दौरान आकाशीय बिजली के तेज झटके की चपेट में आने से वह घायल हो गईं।वहीं ग्राम बघाडू निवासी बेबी देवी (32) पत्नी विनय अपने बच्चों के साथ घर के बाहरी कमरे में मौजूद थीं। आकाशीय बिजली के प्रभाव से वह अचानक अचेत हो गईं। हालांकि उनके साथ मौजूद बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे। परिजनों ने तत्काल उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।इसी प्रकार ग्राम बरखोहरा में एक ही परिवार के तीन सदस्य नंदनी (8) पुत्री अमरनाथ, मनीषा देवी (28) पत्नी अमरनाथ तथा शकुंतला देवी (45) घर के अंदर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली के तेज झटके से तीनों घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।सीएचसी दुद्धी में तैनात चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। सभी की स्थिति सामान्य है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।मौसम विभाग एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे तथा खिड़की-दरवाजों के समीप खड़े होने से बचें। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहकर सावधानी बरतने से ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है।
यह भी पढ़ें






