झाड़ियों में मिला नर कंकाल, क्षेत्र में फैली सनसनी; पहचान में जुटी पुलिस
झाड़ियों में मिला नर कंकाल, क्षेत्र में फैली सनसनी; पहचान में जुटी पुलिस
1:45 PM, Jun 23, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

डाला (सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र डाला के बाड़ी स्थित हरियाणा स्टोन क्रेशर प्लांट के पीछे कौवा नाला की झाड़ियों में मंगलवार को क्षत-विक्षत अवस्था में नर कंकाल के अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गाय-भैंस चरा रहे एक चरवाहे की नजर डाला नगर पंचायत और बिल्ली मारकुंडी ग्राम सभा के मध्य स्थित कौवा नाला की झाड़ियों में पड़े मानव कंकाल पर पड़ी। कंकाल के अवशेष क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने की खबर आसपास के क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।घटना की सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नर कंकाल के अवशेषों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार कंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। पहचान सुनिश्चित करने तथा मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए अवशेषों को परीक्षण हेतु भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
यह भी पढ़ें






