131 ट्रांसफार्मर पेंडिंग मिलने पर विधायक ने लगाई फटकार, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सोनभद्र। जनपद में जले ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने शनिवार देर शाम बिजली विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
2:04 PM, Sep 6, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

छपका पावर हाउस की कार्यशाला का किया निरीक्षण, तैयार ट्रांसफार्मरों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में भेजने के निर्देश
सोनभद्र। जनपद में जले ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने शनिवार देर शाम बिजली विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। छपका पावर हाउस स्थित ट्रांसफार्मर मरम्मत कार्यशाला के निरीक्षण के दौरान 131 ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए लंबित मिले। बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर पेंडिंग मिलने पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए मरम्मत कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्यशाला में रखे ट्रांसफार्मरों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से मरम्मत की रफ्तार के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने सवाल किया कि जब ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए जरूरी मैटेरियल और संसाधन उपलब्ध हैं तो इतनी बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर लंबित क्यों पड़े हैं।अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से जिले में बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर जल गए हैं। इस पर विधायक ने कहा कि बारिश और बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जलना अलग बात है, लेकिन संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद 131 ट्रांसफार्मरों का लंबित रहना गंभीर लापरवाही है।एई वर्कशॉप सुधीर मल्ल ने बताया कि मैनपावर की कमी के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ है। मैनपावर बढ़ाने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया है। निर्धारित संख्या में मैनपावर उपलब्ध नहीं कराने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।कई इलाकों में बिजली संकटट्रांसफार्मर जलने के कारण कोन, नगवां, घोरावल समेत विभिन्न क्षेत्रों के ग्रामीण बिजली संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
विधायक भूपेश चौबे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यशाला में लंबित सभी ट्रांसफार्मरों की मरम्मत तत्काल तेज गति से कराई जाए। मरम्मत के बाद तैयार ट्रांसफार्मरों को बिना किसी देरी के संबंधित प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाए, ताकि ग्रामीणों की बिजली आपूर्ति जल्द बहाल हो सके।उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता को बिजली के लिए परेशान करने वाली लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम में ढिलाई करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान माला चौबे, अनूप तिवारी, धीरज केशरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






