नातिन के घर जा रही वृद्धा की बाइक से गिरकर मौत
नातिन के घर जा रही वृद्धा की बाइक से गिरकर मौत, सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घोरावल कोतवाली क्षेत्र का मामला
6:52 AM, Jul 5, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घोरावल (सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मधका गांव में शनिवार दोपहर सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोरावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अमिलौधा गांव निवासी 65 वर्षीय पुनवासी देवी शनिवार दोपहर अपने पोते के साथ बाइक से करमा थाना क्षेत्र के कुड़ी (बिसहार) गांव स्थित अपनी नातिन के घर जा रही थीं। रास्ते में मधका गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे पुनवासी देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी घोरावल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर सिर में गंभीर चोट लगने को मौत का कारण माना जा रहा है।
मृतका के चार पुत्र हैं। उनके पुत्र रामदेव ने बताया कि उनकी मां अपनी नातिन के घर जा रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
बताया गया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई और परिजन अस्पताल से शव को सीधे अपने घर ले गए।
यह भी पढ़ें






