साफ-सफाई के बहाने महिला के ढाई लाख के जेवर ले उड़े ठग, सीसीटीवी में कैद आरोपी
दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बे के वार्ड नंबर आठ में बुधवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने बर्तन और आभूषण साफ करने के बहाने एक महिला को झांसे में लेकर करीब ढाई लाख रुपये के सोने के जेवरात उड़ा दिए। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है
8:13 PM, Sep 30, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बे के वार्ड नंबर आठ में बुधवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने बर्तन और आभूषण साफ करने के बहाने एक महिला को झांसे में लेकर करीब ढाई लाख रुपये के सोने के जेवरात उड़ा दिए। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर आठ निवासी जय सिंह की पत्नी सुनैना देवी बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर पर थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके घर पहुंचे और बर्तन व सोने-चांदी के आभूषण साफ करने की बात कही। दोनों ने पहले महिला को भरोसे में लेने के लिए उनकी चांदी की पायल साफ करके वापस कर दी।पायल चमकने के बाद महिला को आरोपियों पर भरोसा हो गया। इसके बाद उन्होंने अपने कान के सोने के झुमके और गले की सोने की चेन सफाई के लिए युवकों को दे दी। जेवर हाथ में आते ही आरोपियों ने महिला से आभूषण धोने के लिए घर के अंदर से पानी लाने को कहा।सुनैना देवी जैसे ही पानी लेने घर के अंदर गईं, दोनों युवक जेवर लेकर बाइक से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से निकल चुके थे।घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला। इसमें बाइक सवार दोनों युवकों के मौके से जाते हुए दृश्य दिखाई दिए। पीड़िता ने घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी को लिखित शिकायत दी है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों का कोई सुराग हाथ लगने की पुष्टि नहीं हुई है।उधर, दुद्धी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और ठगी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से बाजार और रिहायशी इलाकों में गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की मांग की है।
यह भी पढ़ें






